नैनवां. उपखण्ड के मानपुरा (खेड़ा) गांव में 11 केवी विद्युत लाइन में हुई स्पार्किंग से उठी चिंगारियों से किसान ओम प्रकाश धाकड़ के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई, जिससे लगभग पांच बीघा की फसल जल गई। ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के खेतों की खड़ी फसल को बचा लिया।
इसी प्रकार क्षेत्र के सादेड़ा के पास के खेतों से निकल रही 11 केवी विद्युत लाइन पर शुक्रवार को गिलहरी करंट की चपेट में आ गई। जलती हुई गिलहरी नीचे जौ की फसल पर गिरने से आग लग गई। फसल में लगी आग को ट्रैक्टर चलाकर किसानों ने कड़ी मशक्कत करके काबू पाया है। लगभग एक घंटे तक चली लपेट बुझाने के बाद पास के अन्य किसानों ने भी राहत की सांस ली है। ग्राम पंचायत सादेड़ा के भवन के नजदीक में किसानों के खेतों में जौ की फसल कटाई के कगार पर थी। इसी से होकर गुजर रही 11 केवी लाइन विद्युत पोल पर गिलहरी चढने से करंट की चपेट में आ गई। जलती हुई गिलहरी नीचे गिरने से मौके पर ही खेत में जौ की पकी हुई फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया व आग की लपटे खेतों में उठती आग की लपटों को देखकर अन्य किसानों की भी भीड उमड़ पडी। नैनवां से दमकल आने तक पांच किसानों की लगभग 20 बीघा मेंं जौ फसल जल गई। आग की सूचना पर नायब तहसीलदार हरिभजन मीणा, कानूनगो टीपी मीणा, हल्का पटवारी दीपक शर्मा, सादेड़ा सरपंच कैलाश सैनी, देई थाने से हैड कांस्टेबल कंचन चौधरी, पुलिस जवान सहित ग्रामीण मोके पर पहुंचे।
एक्सप्रेस वे पर चलते ट्रक में लगी आग
लबान . दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर शुक्रवार तडक़े चार बजे लबान इंटरचेंज के पास गेहूं से भरे ट्रेलर में अचानक भीषण आग लग गई। ट्रेलर दिल्ली की ओर जा रहा था। जानकारी के अनुसार ट्रेलर में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी, जिसने कुछ पल में विकराल रूप ले लिया. ड्राइवर और खलासी ने कूदकर अपनी जान बचाई. सूचना पर लाखेरी नगर पालिका से दमकल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। दमकल को आग पर काबू पाने के लिए करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. इस दौरान एक्सप्रेस वे के कार्मिकों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया। कुछ देर एक्सप्रेस वे पर जाम लग गया।
फायरमैन बिनू बसवाल ने बताया कि आग की लपटें केबिन तक फैल गई। चालक और परिचालक ने सूझ बूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रेलर से कूदकर अपनी जान बचाई। आग से ट्रेलर का केबिन पूरी तरह जल गया। उसमें लदी गेहूं की कई बोरियां भी जल गई। इससे लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है.
हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंच दमकल को बुला कर आग पर काबू पाया गया। इस दौरान यातायात को व्यवस्थित किया गया।
कल्याण सिंह सिकरवार, टोल मेनेजर लबान इंटरचेंज


