राजभाषा के व्यापक प्रचार-प्रसार को रेलगाड़ियों में लगेंगे क्यूआर कोड

राजभाषा के व्यापक प्रचार-प्रसार को रेलगाड़ियों में लगेंगे क्यूआर कोड

अहमदाबाद. पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही बैठक का आयोजन किया गया।
अहमदाबाद में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में हुई बैठक में राजभाषा के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए नवीन पहल के रूप में निर्णय लिया गया कि रेलगाड़ियों में क्यूआर कोड उपलब्ध कराए जाएंगे। इनके माध्यम से यात्री हिंदी की विविध पुस्तकों का अध्ययन कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर हिंदी पुस्तकालय स्थापित करने की योजना भी प्रस्तावित की गई। ताकि यात्रियों एवं आमजन में हिंदी पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा मिल सके।
मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं सृजनात्मक अभिव्यक्ति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत अहमदाबाद मंडल की होली विशेषांक ई-पत्रिका राजभाषा आश्रम सौरभ के 54वें अंक का विमोचन किया गया।
बैठक के दौरान मंडल में राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 2 अधिकारियों एवं 6 कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक की विशेष पुरस्कार योजना राजभाषा रत्न के तहत प्रशस्ति-पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे निर्धारित लक्ष्यों से आगे बढ़कर राजभाषा हिंदी में अधिकाधिक कार्य सुनिश्चित करें। साथ ही शासकीय कार्यों में हिंदी के प्रयोग को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाएं।
बैठक से पूर्व हिंदी साहित्यकार महादेवी वर्मा की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर महादेवी वर्मा के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। राजभाषा विभाग की ओर से महादेवी वर्मा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित एक प्रभावपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक प्रस्तुति दी गई।
हिंदी प्रश्न मंच का आयोजन किया गया, सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। बैठक में अपर मंडल राजभाषा अधिकारी मंजू मीणा, राजभाषा अधिकारी (प्रभारी) हाफिज अली खान सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *