ईद पर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने सुरक्षा जांची:लखीमपुर खीरी में दुर्गा शक्ति नागपाल व ख्याति गर्ग ने व्यवस्था का जायजा लिया

ईद पर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने सुरक्षा जांची:लखीमपुर खीरी में दुर्गा शक्ति नागपाल व ख्याति गर्ग ने व्यवस्था का जायजा लिया

लखीमपुर खीरी में ईद-उल-फितर के अवसर पर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने शनिवार सुबह विभिन्न ईदगाहों, मस्जिदों और मुख्य मार्गों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी पवन गौतम और सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी भी भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क और मुस्तैद रहकर अपनी जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए। डीएम और एसपी ने शहर के गोटैय्याबाग और सुनहरी मस्जिद क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बच्चों के बीच पहुंचकर ईद की खुशियां साझा कीं और उन्हें टॉफी व चॉकलेट वितरित किए। अधिकारियों को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिले भर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल लगातार गश्त करता रहा और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी गई। ईद के मौके पर जिले में आपसी भाईचारे और उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और अमन-चैन की दुआ मांगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *