सिरसा जिले में डबवाली पुलिस ने एक मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पंजाब निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक स्कूटी और छह चोरीशुदा मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। कुल सात चोरीशुदा वाहन जब्त किए गए हैं। उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) कपिल अहलावत ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डबवाली के निर्देशानुसार क्षेत्र में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 8 मार्च 2026 को मंडी डबवाली निवासी सतीश मेहता की मोटरसाइकिल चोरी के मामले की जांच के दौरान यह गिरोह पकड़ा गया। सीसीटीवी फुटेज से मिली सफलता थाना प्रबंधक देवीलाल के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को काबू किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान चमकौर सिंह, गुरविंदर सिंह और गुरजीत सिंह, तीनों निवासी जिला बठिंडा (पंजाब) के रूप में हुई है। सात चोरीशुदा वाहन बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कूटी और छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें मंडी डबवाली बस अड्डा, बोम्बो अस्पताल, मीना बाजार, चौटाला रोड और रेलवे स्टेशन से चोरी किए गए वाहन शामिल हैं। जांच में सामने आया कि चमकौर सिंह और गुरविंदर सिंह ने वाहन चोरी कर गुरजीत सिंह को बेचे थे, जिन्हें बठिंडा क्षेत्र से बरामद किया गया। पहले भी रहे हैं आपराधिक मामलों में शामिल डीएसपी कपिल अहलावत ने बताया कि तीनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं और नशे के आदी हैं। इनके खिलाफ पंजाब के विभिन्न थानों में मोटरसाइकिल चोरी, आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और झगड़े के मामले दर्ज हैं। पुलिस रिमांड पर लेकर होगी आगे की पूछताछ आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि अन्य वारदातों का खुलासा किया जा सके। डीएसपी ने बताया कि यह दो दिनों में डबवाली पुलिस की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले स्पेशल स्टाफ और थाना कालांवाली पुलिस ने भी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर नौ चोरीशुदा वाहन बरामद किए थे। आमजन से सतर्क रहने की अपील पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। डबवाली पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी।


