राजगढ़. टहला रेंज के तालाब स्थित जहाज पहाड़ के जंगल में मंगलवार शाम अज्ञात कारणों से आग लग गई। घटना में करीब दो हेक्टेयर क्षेत्र में खड़ी वन संपदा जलकर नष्ट हो गई।
टहला के क्षेत्रीय वन अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि आग की सूचना शाम करीब 6 बजे मिली। मौके पर 15 वन कार्मिकों की टीम के साथ पहुंचे तो जंगल में भीषण आग पर काबू पाने का प्रयास किया। फायरलाइन काटकर और पत्तों से आग को पीट-पीटकर लगभग पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। उन्होंने बताया कि आग से घास, पत्ते और पौधे जलकर नष्ट हो गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।


