Kangana Ranaut On Sara Ali Khan Kedarnath Row: फिल्म इंडस्ट्री और राजनीति दोनों में सक्रिय अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में आ गई हैं। इस बार उनका बयान सारा अली खान से जुड़े एक विवाद पर सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है।
क्या है पूरा मामला? (Kangana Ranaut On Sara Ali Khan Kedarnath Row)
दरअसल, बदरी-केदार टेंपल कमेटी (BKTC) के अध्यक्ष की ओर से यह कहा गया कि गैर-हिंदू श्रद्धालुओं को केदारनाथ और बद्रीनाथ मंदिर में प्रवेश के लिए सनातन धर्म में आस्था का लिखित प्रमाण देना चाहिए। इसी संदर्भ में सारा अली खान का उदाहरण दिया गया, जिसके बाद यह मुद्दा चर्चा का विषय बन गया।
कंगना का बयान बना चर्चा का केंद्र
संसद परिसर के बाहर मीडिया से बात करते हुए कंगना रनौत ने कहा कि ‘यहां सभी लोग सनातनी हैं। सनातन का अर्थ है जिसका न कोई आदि है और न अंत। बाकी सभी धर्म भी उसी से निकले हैं, ऐसे में सत्य लिखने में डर कैसा? लिख देना चाहिए।’ उनका यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने उठाए सवाल
कंगना के बयान को लेकर इंटरनेट पर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कुछ यूजर्स ने इस पर सवाल उठाए हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘अगर सभी सनातनी हैं, तो फिर लिखित प्रमाण की जरूरत क्यों?’ दूसरे यूजर ने तंज कसते हुए कहा, “यह समझ नहीं आता कि मंदिर में जाने के लिए एफिडेविट क्यों देना पड़े?’



एक अन्य यूजर ने व्यंग्य करते हुए लिखा, “संसद जा रही हैं या फिल्म की शूटिंग पर? यह बयान किसी स्क्रिप्ट जैसा लग रहा है।’ इन प्रतिक्रियाओं से साफ है कि कंगना का बयान लोगों के बीच बहस का कारण बन गया है।
सारा अली खान की चुप्पी बरकरार
इस पूरे मामले पर अभी तक सारा अली खान की ओर से कोई ऑफिशियल प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब सारा का नाम इस तरह के मुद्दों में आया हो। सारा इससे पहले भी कई बार केदारनाथ मंदिर के दर्शन कर चुकी हैं और सोशल मीडिया पर वहां की तस्वीरें साझा करती रही हैं। उन्होंने कई बार यह भी कहा है कि उन्हें वहां जाकर शांति का अनुभव होता है।
आने वाली फिल्म में दिखेंगी सारा
वर्कफ्रंट की बात करें तो सारा अली खान जल्द ही फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ में नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ आयुष्मान खुराना, रकुल प्रीत सिंह और वामिका गब्बी भी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिलहाल, कंगना के बयान और मंदिर समिति के फैसले को लेकर देशभर में चर्चा जारी है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि इस मुद्दे पर क्या नया मोड़ आता है।


