स्कूल से लौट रही थी 11 साल की मासूम, सिरफिरे ने फेंका तेजाब, बच्ची की हालत गंभीर

स्कूल से लौट रही थी 11 साल की मासूम, सिरफिरे ने फेंका तेजाब, बच्ची की हालत गंभीर

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर (Ahilyanagar) शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। यहां मंगलवार सुबह स्कूल से घर लौट रही एक 11 साल की बच्ची पर अज्ञात व्यक्ति ने एसिड फेंक (Acid attack) दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना ने समाज में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

कक्षा 6 में पढ़ती है पीड़िता छात्रा

यह घटना वडगांव पान क्षेत्र की है, जहां कक्षा 6 में पढ़ने वाली पीड़िता छात्रा का स्कूल है। छात्रा स्कूल से लौट रही थी तभी रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति ने उस पर अचानक एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे पास के अस्पताल पहुंचाया। इस घटना ने स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।

पुलिस कर रही आरोपी की तलाश

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक हमले के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देते हुए बताया है कि उसकी तलाशी के लिए विशेष टीम बनाई गई है।

पहले ही हो चुकी पीड़िता के पिता की मौत

पीड़ित बच्ची एक बेहद साधारण और गरीब परिवार से आती है। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और वह अपनी मां और दादा-दादी के साथ रहती है। उसकी मां दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती है। इस घटना ने समाज में बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता और भी बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों में कड़ी सजा और जागरूकता बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *