US-ISrael vs Iran War: इजरायल परमाणु हथियार का करेगा इस्तेमाल? राष्ट्रपति ट्रंप ने दिया जवाब

US-ISrael vs Iran War: इजरायल परमाणु हथियार का करेगा इस्तेमाल? राष्ट्रपति ट्रंप ने दिया जवाब

US-Israel-Iran: ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद मध्य-पूर्व में तनाव चरम पर है। जहां अमेरिका और इजरायल लगातार हमले कर रहे हैं, वहीं ईरान भी पलटवार करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहा। इसी बीच इजरायल द्वारा परमाणु हथियार के संभावित इस्तेमाल को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से बड़ा बयान आया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें नहीं लगता कि इजरायल ईरान के साथ युद्ध में परमाणु हथियार का इस्तेमाल करेगा। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि इज़रायल ऐसा करेगा। इजरायल कभी ऐसा नहीं करेगा।’

ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब हाल ही में व्हाइट हाउस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्रिप्टो मामलों के प्रमुख डेविड सैक्स (David Sacks) ने एक इंटरव्यू में संभावित तनाव बढ़ने को लेकर गहरी चिंता जताई थी। सैक्स ने कहा था कि इस बात की चिंता बनी हुई है कि कहीं इजरायल युद्ध को और आगे बढ़ाते हुए परमाणु हथियार के इस्तेमाल पर विचार न करे।

हमारे संबंध बहुत अच्छे रहे हैं: ट्रंप

परमाणु हथियार को लेकर सवाल उठने से एक दिन पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका और इजरायल की सैन्य रणनीतियों के तालमेल का जिक्र किया था। रविवार को एयर फोर्स वन (Air Force One) में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “हमारे संबंध बहुत अच्छे रहे हैं। दोनों देशों की सेनाएं बहुत अच्छे समन्वय के साथ काम कर रही हैं।” हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस संघर्ष में दोनों देशों के लक्ष्य पूरी तरह एक जैसे नहीं हो सकते।

सैन्य कार्रवाई का बचाव

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई का बचाव किया, भले ही इससे रिपब्लिकन पार्टी के ‘अमेरिका फर्स्ट’ गुट के कुछ नेता हैरान हों और पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी भी देखी जा रही हो।

ट्रंप का कहना है कि यह कदम उचित है, क्योंकि ईरान करीब आधी सदी से अमेरिका के लिए समस्याएं पैदा करता रहा है। वहीं, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (JD Vance) ने भी ईरान के खिलाफ ट्रंप द्वारा उठाए गए कदम का समर्थन किया। उन्होंने कहा, ‘मैं राष्ट्रपति से सहमत हूं कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होना चाहिए। यह सैन्य कार्रवाई राष्ट्रपति के नेतृत्व में की गई है। हम सभी, चाहे डेमोक्रेट हों या रिपब्लिकन, अपने सैनिकों की सफलता और सुरक्षा के लिए प्रार्थना करें।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *