Vaibhav Suryavanshi wants to break Chris Gayle record: आईपीएल के पिछले सीजन में चमके 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने साल भर में क्रिकेट की दुनिया में खूब नाम कमाया है। आईपीएल 2025 में सबसे कम उम्र में शतक जड़ने वाले वैभव ने इस साल अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ महज 80 गेंदों पर 175 रन धमाकेदार पारी खेलते हुए भारत को रिकॉर्ड छठा टाइटल जिताने में अहम भूमिका अदा की थी। अब सूर्यवंशी का पूरा फोकस आईपीएल 2026 पर है। बीसीसीआई नमन अवॉर्ड सेरेमनी के दौरान वैभव ने खुलासा किया कि अब उनकी नजर क्रिस गेल के महारिकॉर्ड को तोड़ने पर है, जिसे पिछले 12 साल से कोई नहीं तोड़ सका है।
निशाने पर क्रिस गेल का रिकॉर्ड
नमन अवॉर्ड सेरेमनी के दौरान हर्षा भोगले ने वैभव सूर्यवंशी से पूछा कि वह आईपीएल 2026 में कौनसा रिकॉर्ड तोड़ना चाहेंगे? इस पर वैभव ने कहा कि सर वही 175 का रिकॉर्ड (क्रिस गेल का रिकॉर्ड) तोड़ने का। स्टार स्पोर्ट्स ने सोशल मीडिया के एक्स अकाउंट पर इसका वीडियो शेयर किया है, जो काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
आईपीएल 2013 में यूनिवर्स बॉस ने बनाया था रिकॉर्ड
बता दें कि आईपीएल के इतिहास में एक पारी में सबसे बड़ा इंडिविजुअल स्कोर यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल ने बनाया था। उन्होंने आईपीएल 2013 में पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 175 रन की धमाकेदार पारी खेली थी। अब तक इस रिकॉर्ड कोई नहीं तोड़ सका है। इस सीजन वैभव सूर्यवंशी इस रिकॉर्ड तोड़ना चाहते हैं।
सबसे बड़ा इंडिविजुअल स्कोर बनाने वाले भारतीय
वहीं, आईपीएल में एक पारी में सबसे बड़ा इंडिविजुअल स्कोर बनाने वाले भारतीय की बात करें तो ये रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम दर्ज है। अभिषेक ने पिछले सीजन में ही सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पंजाब किंग्स के खिलाफ सिर्फ 55 गेंदों पर 141 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। आईपीएल के इतिहास 150 से ज्यादा रन की पारी की बात करें तो अभी तक क्रिस गेल और ब्रेंडन मैकुलम (158* 2008) ही ऐसा कर सके हैं।
IPL के इतिहास में टॉप 5 सबसे ज्यादा व्यक्तिगत स्कोर
175* – क्रिस गेल (आरसीबी बनाम पुणे वॉरियर्स इंडिया, 2013)
158* – ब्रेंडन मैकुलम (केकेआर बनाम आरसीबी, 2008)
140* – क्विंटन डी कॉक (एलएसजी बनाम केकेआर, 2022)
133* – एबी डी विलियर्स (आरसीबी बनाम मुंबई इंडियंस, 2015)
132* – केएल राहुल (किंग्स इलेवन पंजाब बनाम आरसीबी, 2020)





