झालावाड़ संपर्क पोर्टल निस्तारण में लगातार तीन माह से अव्वल:कलेक्टर ने अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए

झालावाड़ संपर्क पोर्टल निस्तारण में लगातार तीन माह से अव्वल:कलेक्टर ने अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए

झालावाड़ कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में सोमवार को मिनी सचिवालय सभागार में आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का प्रभावी और संवेदनशीलता के साथ समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि झालावाड़ जिला संपर्क पोर्टल पर शिकायत निस्तारण एवं संतुष्टि प्रतिशत के मामले में लगातार तीन महीनों से प्रदेश में प्रथम स्थान पर है, जो जिले के लिए गौरव की बात है। बैठक के दौरान संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि 30 दिन से अधिक लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए तथा शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों से इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए निरंतर गंभीरता से कार्य करने को कहा। कलेक्टर ने सड़कों पर विचरण कर रहे बेसहारा पशुओं को हटाने के लिए नगर परिषद एवं पशुपालन विभाग को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य पशुओं को पकड़कर गोशालाओं एवं नंदीशालाओं में पहुंचाना है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम किया जा सके। बैठक में एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने जिला रसद अधिकारी एवं एचपीसीएल प्रतिनिधि के साथ चर्चा करते हुए आगामी दिनों में मांग के अनुरूप गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला रसद अधिकारी ने बताया कि जिले में घरेलू रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आमजन से अफवाहों से बचने तथा धैर्य बनाए रखने की अपील की गई। जिला कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने मिनी सचिवालय परिसर की दीवारों पर तंबाकू थूकने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। लंबित पट्टा एवं भूमि आवंटन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण
बैठक में विभिन्न अंतर्विभागीय प्रकरणों पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। राजकीय कार्यालय भवनों के लिए जारी किए जाने वाले पट्टा प्रकरणों के लंबित मामलों की समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही राज्य सरकार की बजट घोषणाओं के अंतर्गत विभिन्न विभागों को आवश्यक भूमि आवंटन से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समय पर आवेदन प्रस्तुत कर प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *