साइबर ठगी के दो वांछित आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपियों के परिजनों ने पथराव कर हमला कर दिया। हमले में एक एएसआई सिर में चोट लगने से घायल हो गया, जबकि एक कांस्टेबल भी चोटिल हुआ है। जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर थानाधिकारी लाखन सिंह दो बाइकों पर एक एएसआई व तीन पुलिसकर्मियों सहित जाब्ता के साथ साइबर ठगी के वांछित आरोपी तस्लीम व साबिर पुत्र मुस्ताक को पकड़ने गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सैमला खुर्द पहुंचे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को उनके घर से पकड़कर वाहन में बैठाने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों के परिजनों ने हल्ला मचाते हुए पुलिस टीम पर पथराव कर दिया और लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से हमला कर दोनों आरोपियों को छुड़ा लिया। हमले में एएसआई रामनिवास के सिर में चोट लगी, जबकि कांस्टेबल भैरों सिंह भी घायल हो गए। सूचना मिलने पर गोविंदगढ़ थानाधिकारी प्रशिक्षु आरपीएस योगेश कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए सरकारी चिकित्सालय गोविंदगढ़ भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद एएसआई को भरतपुर रेफर किया गया है। इधर, सूचना पर एएसपी मनोज गुप्ता भी गोविंदगढ़ पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। आरोपियों के मकान से मांस बरामद घटना के बाद दबिश के दौरान पुलिस को आरोपियों के मकान से एक प्लास्टिक के टब में 35 किलो मांस बरामद किया है। ग्रामीणों का कहना है कि रमजान माह के चलते उक्त परिवार ने मांस मंगाया था। जिसे खैरात के रूप में बांटा जाना था। लेकिन सूर्यास्त के चलते मांस का परीक्षण नही होने पर उसे जांच को लेकर सुरक्षित रखवाया है। पहले भी हुए हमले, फिर भी बिना सूचना पहुंची पुलिस गांव सैमला खुर्द में पुलिस टीमों पर हमले की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। वर्ष 2022 में पश्चिम बंगाल पुलिस, 2023 में हरियाणा पुलिस और 2025 में पुलिस पार्टी पर हमला हो चुका है। “सैमला खुर्द निवासी वांछित आरोपी साबिर व तस्लीम सहित परिजनों के खिलाफ राज कार्य में बाधा, जानलेवा हमला व लूटपाट का मामला दर्ज कराया है। हमले के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करेंगे।”
-योगेश कुमार, प्रशिक्षु आरपीएस


