Iran–Israel war: अमेरिका ने ईरान के सबसे अहम द्वीप खार्ग आइलैंड पर हमला किया। अमेरिकी बमबारी से खार्ग द्वीप पर ईरानी सेना के अड्डे तबाह हो गए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमले का वीडियो भी जारी किया है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान के खार्ग आइलैंड के तेल निर्यात केंद्र पर मौजूद हर सैन्य ठिकाने को तबाह कर दिया है।
खर्ग द्वीप पर चुन-चुनकर सैन्य अड्डों को निशाना बनाया
उन्होंने कहा कि हमने अभी तक खार्ग आइलैंड पर चुन-चुनकर सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। उन्होंने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर वह होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों की स्वतंत्र और सुरक्षित आवाजाही में किसी भी तरह की बाधा डालता है, तो हम इस पर दोबारा विचार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक हमने वहां मौजूद तेल के बुनियादी ढांचे को पूरी तरह से तबाह न करने का फैसला किया है।
सेंटकॉम ने मिडिल ईस्ट के इतिहास में सबसे बड़ी बमबारी की
ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा कि कुछ ही देर पहले, मेरे निर्देश पर, यूनाइटेड स्टेट्स सेंट्रल कमांड ने मध्य पूर्व के इतिहास में सबसे शक्तिशाली बमबारी में से एक को अंजाम दिया, और ईरान के सबसे अहम ठिकाने, खार्ग द्वीप पर मौजूद हर सैन्य लक्ष्य को पूरी तरह से तबाह कर दिया।
ईरान के लिए क्यों खास है ये द्वीप
ईरान के लिए खार्ग द्वीप अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह देश की तेल अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा है। फारस की खाड़ी में स्थित यह छोटा सा द्वीप ईरान के मुख्य तेल निर्यात टर्मिनल के रूप में कार्य करता है। यहां से ईरान के कुल कच्चे तेल निर्यात का लगभग 90% होता है। यह द्वीप ईरान के प्रमुख तेल क्षेत्रों (जैसे अबूजर, फोरूज़ान और दोरूद) से पाइपलाइनों द्वारा जुड़ा है। अगर यहां अमेरिका ने ईरानी तेल रिफाइनरियों और इंफ्रास्ट्रक्चरों को निशाना बनाया तो ईरानी अर्थव्यवस्था पूरी तरह से चरमरा सकती है।


