परीक्षा के बाद लापता 6 छात्राएं हरिद्वार से बरामद:बिजनौर की पुलिस स्वाट, सर्विलांस टीम ने तलाश कर वन स्टॉप सेंटर भेजा

परीक्षा के बाद लापता 6 छात्राएं हरिद्वार से बरामद:बिजनौर की पुलिस स्वाट, सर्विलांस टीम ने तलाश कर वन स्टॉप सेंटर भेजा

बिजनौर के चांदपुर और हीमपुर दीपा थाना क्षेत्रों से 12वीं की परीक्षा के बाद लापता हुईं छह छात्राओं को पुलिस ने हरिद्वार से सकुशल बरामद कर लिया है। इन सभी युवतियों को काउंसलिंग के लिए बिजनौर के वन स्टॉप सेंटर में भेजा गया है। पुलिस को चांदपुर थाने में शिकायत मिली थी कि 12वीं की परीक्षा के बाद छह छात्राएं अपने घर नहीं लौटी हैं। परिजनों द्वारा काफी तलाश करने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद चांदपुर थाने में मुकदमा संख्या 122/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देश पर और क्षेत्राधिकारी चांदपुर के पर्यवेक्षण में पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने संभावित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए। जांच के दौरान यह सामने आया कि सभी युवतियां आपस में दोस्त थीं और एक ही कक्षा में पढ़ती थीं। चांदपुर पुलिस और स्वाट/सर्विलांस सेल की संयुक्त टीमों ने 13 मार्च, 2026 को तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी का उपयोग करते हुए कार्रवाई की। इसी के परिणामस्वरूप, सभी युवतियों को उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के कस्बा रोशनाबाद से सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में युवतियों ने बताया कि वे सभी दोस्त हैं और चांदपुर क्षेत्र के एक कॉलेज में 12वीं कक्षा में एक साथ पढ़ती थीं। उन्होंने अपनी मर्जी से नौकरी कर आगे की पढ़ाई जारी रखने के उद्देश्य से एक साथ कस्बा रोशनाबाद, हरिद्वार जाने का निर्णय लिया था। बरामद युवतियों और उनके परिजनों की प्रारंभिक काउंसलिंग महिला शक्ति केंद्र प्रभारी और उनकी टीम द्वारा की गई। परिवार में सामंजस्य स्थापित करने के लिए उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। इसके बाद सभी युवतियों को आगे की काउंसलिंग के लिए वन स्टॉप सेंटर, बिजनौर भेजा गया है। यहां कानूनी और परामर्श प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *