मऊ जनपद के सहादतपुरा क्षेत्र में शनिवार देर रात एक टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सोहराब पुत्र हामिद हसन के न्यू हिंदुस्तान टेंट हाउस का यह गोदाम सहादतपुरा स्थित एचडीएफसी बैंक के सामने है। रात लगभग 11 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल फायर विभाग को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका और पूरी तरह बुझा दिया। बताया जा रहा है कि गोदाम में टेंट, पर्दे, सजावट का सामान और अन्य सामग्री रखी हुई थी। आग की चपेट में आने से यह सारा सामान जलकर खाक हो गया।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है। फायर विभाग में तैनात सुनील यादव ने बताया कि शनिवार देर रात करीब 11 बजे अज्ञात कारणों से टेंट के गोदाम में आग लगी थी। उन्होंने पुष्टि की कि दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में लाखों रुपये का सामान जल गया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


