पानीपत में सोते हुए परिवार के घर सेंध:खूंटी पर टंगे पर्स से सोने के जेवरात चोरी, दूसरी चेन में रखा कैश-सिल्वर ज्वेलरी छुईं तक नहीं

पानीपत में सोते हुए परिवार के घर सेंध:खूंटी पर टंगे पर्स से सोने के जेवरात चोरी, दूसरी चेन में रखा कैश-सिल्वर ज्वेलरी छुईं तक नहीं

पानीपत शहर की बतरा कॉलोनी में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीती रात चोरों ने एक मजदूर के घर में घुसकर उस समय चोरी की वारदात को अंजाम दिया जब परिवार अंदर सो रहा था। चोरों ने खूंटी पर टंगे पर्स से सोने के कीमती जेवरात पार कर दिए, हालांकि पर्स में रखे नकदी और चांदी के गहने सुरक्षित बच गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। सहरी के लिए उठी मां ने देखा गेट के पास पड़ा था खाली पर्स मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के रहने वाले साहिल ने बताया कि वह फिलहाल बतरा कॉलोनी में श्रीपाल के मकान में किराए पर रहता है और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। साहिल के अनुसार, उनकी माता जी रोजा रखती हैं। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे जब वह सहरी के लिए उठीं, तो उन्होंने देखा कि कमरे के दरवाजे के पास साहिल का पर्स पड़ा हुआ था। यह पर्स रात को खूंटी पर टांगा गया था। पर्स की ऊपर वाली चैन से सोने के गहने गायब साहिल ने बताया कि जब उन्होंने पर्स की जांच की, तो उसके ऊपर वाली चैन में रखा सारा सोने का सामान गायब था। चोरों ने पर्स से एक जोड़ी सोने के कान के झाले (आधा तोला), एक सोने का मंगलसूत्र (करीब 3 ग्राम), एक सोने की अंगूठी (करीब 3 ग्राम), एक सोने की बाली (आधा तोला), एक छोटी नाक का कोका चुरा लिया। हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने पर्स की दूसरी चेन में रखे 1500 रुपए नकद और 15 तोले चांदी की पाजेब को हाथ तक नहीं लगाया। ऐसा प्रतीत होता है कि चोरों ने केवल कीमती सोने के जेवरात पर ही हाथ साफ किया। पुलिस से गुहार- तलाश कराए जाएं जेवरात पीड़ित साहिल ने बताया कि वह कड़ी मेहनत कर पाई-पाई जोड़कर यह जेवरात बनवाए थे। चोरी की इस घटना से परिवार सदमे में है। साहिल ने पुराना औद्योगिक थाना (ओल्ड इंडस्ट्रियल) पुलिस को लिखित शिकायत देकर मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों का पता लगाया जाए और उनके सोने के जेवरात बरामद किए जाएं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *