सागर में कुएं में मिले मां-बेटी के शव:4 माह से मायके में थी महिला; भाई बोला- ससुराल पक्ष प्रताड़ित करता था

सागर में कुएं में मिले मां-बेटी के शव:4 माह से मायके में थी महिला; भाई बोला- ससुराल पक्ष प्रताड़ित करता था

सागर के जैसीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम हिन्नोद में एक 29 वर्षीय महिला और उसकी 5 वर्षीय बेटी का शव कुएं में मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को बाहर निकाला और बुधवार को पोस्टमार्टम कराया। प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस अन्य सभी पहलुओं पर भी बारीकी से जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, ग्राम नाहरमऊ निवासी सीमा (पत्नी भागीरथ पाल) अपनी 5 वर्षीय बेटी प्रियांशी के साथ पिछले करीब चार माह से अपने मायके हिन्नोद में रह रही थी। मंगलवार को वह बेटी के साथ खेत की तरफ गई थी, लेकिन जब देर तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। बाद में दोनों के शव खेत में बने कुएं में मिले। भाई का आरोप- पति करता था मारपीट
मृतका के भाई संजू पाल ने बताया कि सीमा की शादी वर्ष 2017 में नाहरमऊ निवासी भागीरथ पाल से हुई थी। भाई का आरोप है कि पति अक्सर सीमा के साथ मारपीट और विवाद करता था, जिसकी शिकायत महिला थाने में भी की गई थी। परिजनों का कहना है कि पति की लगातार प्रताड़ना से तंग आकर सीमा मायके में रह रही थी और मानसिक तनाव से गुजर रही थी। पति बोला- ससुर को कैंसर है, इसलिए मायके गई थी
दूसरी ओर, पति भागीरथ पाल ने ससुराल पक्ष के सभी आरोपों को सिरे से नकार दिया है। भागीरथ का कहना है कि सीमा के पिता को कैंसर है और उनकी तबीयत खराब रहने के कारण ही वह उनकी देखभाल के लिए मायके गई थी। पति के मुताबिक, दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी और उसे नहीं पता कि सीमा ने यह कदम क्यों उठाया। जैसीनगर थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर ने बताया कि परिजनों के आरोपों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *