रिटायर्ड शिक्षक के घर अवैध गैस सिलेंडर मिले:छतरपुर में SDM, तहसीलदार और पुलिस की छापेमारी, 25 सिलेंडर जब्त

रिटायर्ड शिक्षक के घर अवैध गैस सिलेंडर मिले:छतरपुर में SDM, तहसीलदार और पुलिस की छापेमारी, 25 सिलेंडर जब्त

छतरपुर शहर की विश्वनाथ कॉलोनी में एक रिटायर्ड शिक्षक के घर से बड़ी संख्या में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का अवैध भंडारण पकड़ा गया है। प्रशासन ने देर रात छापेमारी कर इन सिलेंडरों को जब्त किया। कार्रवाई के दौरान इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। शहर में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडरों की किल्लत की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसी बीच प्रशासन को सूचना मिली कि विश्वनाथ कॉलोनी निवासी एक रिटायर्ड शिक्षक, जिन्हें स्थानीय लोग अहिरवार सर के नाम से जानते हैं, उनके घर में बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। 25 सिलेंडर जब्त किए
छापेमारी के दौरान एसडीएम, तहसीलदार और कोतवाली पुलिस बल मौके पर पहुंचा। टीम ने घर की तलाशी ली, जहां बड़ी संख्या में घरेलू एलपीजी सिलेंडर मिले। कुल 25 सिलेंडरों में से 22 खाली थे और 3 भरे हुए पाए गए। प्रशासन ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, घरेलू गैस सिलेंडरों का इस तरह भंडारण करना नियमों का उल्लंघन है। इससे गैस की कालाबाजारी की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि ये सिलेंडर किस उद्देश्य से जमा किए गए थे और इन्हें कहां से प्राप्त किया गया था। जांच के बाद कार्रवाई करेगी पुलिस
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में गैस एजेंसियों से भी जानकारी जुटाई जाएगी। यदि अवैध भंडारण या कालाबाजारी की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित अन्य धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी की खबर फैलते ही विश्वनाथ कॉलोनी में लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रशासन ने दोहराया है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *