Afghanistan vs Sri Lanka series postponed: ईरान-इजरायल अमेरिका युद्ध के चलते अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच खेली जाने वाली वनडे इंटरनेशनल और टी20 इंटरनेशनल सीरीज स्थगित कर दी गई है। बताया जा रहा है कि अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों ने सीरीज पोस्टपोन करने की पुष्टि की। दोनों टीमों के बीच 13 से 25 मार्च के बीच तीन ODI और इतने ही मैचों की T20I सीरीज यूनाइटेड अरब अमीरात में खेली जाने वाली थी।
एसीबी चीफ ने बताए सीरीज स्थगित करने के कारण
क्रिकबज की एक रिपोर्ट में अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) के चीफ एग्जीक्यूटिव नसीब खान के हवाले से कहा गया है कि श्रीलंका के खिलाफ व्हाइट-बॉल सीरीज पोस्टपोन कर दी गई है। फ्लाइट्स, लॉजिस्टिक्स और इलाके के हालात को लेकर कुछ दिक्कतें थीं। इस वजह ये अहम फैसला लिया गया है।
उन्होंने कहा कि हमने इन मैचों को श्रीलंका में कराने के लिए दूसरा ऑप्शन भी देखा और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के लगातार संपर्क में रहे। हालांकि, उस समय यूएई से श्रीलंका के लिए कोई फ्लाइट अवेलेबल नहीं थी। उन्होंने आगे कहा कि इसके अलावा इतने कम समय में प्रोडक्शन, होटल, ग्राउंड बुकिंग और सिक्योरिटी का इंतजाम करना काफी चैलेंजिंग था। इसलिए हमने आखिरकार इसे स्थगित करने का फैसला किया।
उन्होंने बताया कि ये सीरीज अब इस साल के आखिरी क्वार्टर यानि अक्टूबर से दिसंबर के बीच खेली जाएगी। बता दें कि टी20I सीरीज से उम्मीद थी कि यह सबसे छोटे फॉर्मेट में इब्राहिम जादरान की कप्तानी के दौर की शुरुआत होगी, क्योंकि उन्हें हाल ही में राशिद खान की जगह अफगानिस्तान टी20 टीम का कप्तान बनाया गया था।
कमर्शियल फ्लाइट से घर लौट रही वेस्टइंडीज टीम
ज्ञात हो कि ईरान-इजरायल अमेरिका युद्ध की वजह से वेस्टइंडीज की टीम भी भारत में फंसी हुई थी। अब इस टीम के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए अब कमर्शियल फ्लाइट का इंतजाम किया गया है। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने अपने बयान में कहा कि खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा और भलाई को ध्यान में रखते हुए आईसीसी को सलाह दी गई कि अब चार्टर फ्लाइट का इंतजार करना सही नहीं होगा, क्योंकि इसकी व्यवस्था अभी भी स्पष्ट नहीं थी। इसके बाद वेस्टइंडीज क्रिकेट, खिलाड़ियों और अन्य संबंधित पक्षों ने मिलकर आईसीसी के साथ बातचीत की और टीम की सुरक्षित वापसी के लिए कमर्शियल यात्रा का इंतजाम किया।
टीम के बाकी सदस्य आज रवाना होंगे
बयान में यह भी बताया गया कि टीम के कुछ खिलाड़ी और स्टाफ पहले ही भारत से रवाना हो चुके हैं। बाकी सदस्य बुधवार (11 मार्च) को अलग-अलग फ्लाइट से अपने देश के लिए निकलेंगे। वेस्टइंडीज क्रिकेट ने इस दौरान फैंस और अन्य संबंधित लोगों की चिंता और समर्थन के लिए धन्यवाद भी दिया। बोर्ड ने कहा कि सभी के धैर्य और सहयोग की सराहना की जानी चाहिए।


