सिवनी पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से 10 मार्च दिन मंगलवार रात पैदल गश्त की। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने प्रमुख मार्गों और चौराहों का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लिया। कोतवाली थाना प्रभारी सतीश कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर में नियमित गश्त और चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार रात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने बाजार क्षेत्र, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। गश्त का मुख्य उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना तथा असामाजिक तत्वों में भय पैदा करना है। गश्त के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कई स्थानों पर वाहनों की जांच की। बिना हेलमेट और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को समझाइश दी गई। इसके साथ ही, सड़क किनारे खड़े हाथ ठेलों को हटाकर व्यवस्थित रूप से लगवाया गया, ताकि यातायात सुचारु रहे और लोगों को परेशानी न हो। यह पैदल गश्त थाना कोतवाली से शुरू होकर दलसागर क्षेत्र, शराब दुकान के आसपास, बस स्टैंड सहित अन्य प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों तक की गई। इस दौरान पुलिस बल ने बाजार व्यवस्था का भी जायजा लिया और नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। गश्त में पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, कोतवाली थाना प्रभारी सतीश कुमार तिवारी और कोतवाली थाने का पुलिस स्टाफ शामिल रहा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। इससे समय रहते उचित कार्रवाई की जा सकेगी और शहर में शांति व सुरक्षा का माहौल बना रहेगा।


