मथुरा में ट्रक की टक्कर से युवक की मौत:आगरा-दिल्ली हाईवे पर बाइक सवार साथी गंभीर घायल

मथुरा में ट्रक की टक्कर से युवक की मौत:आगरा-दिल्ली हाईवे पर बाइक सवार साथी गंभीर घायल

मथुरा के थाना छाता क्षेत्र में आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। इस घटना में उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी के अनुसार, थाना छाता क्षेत्र के मिडावली गांव निवासी 24 वर्षीय देवेंद्र पुत्र सुरेंद्र सिंह अपने साथी सौरव के साथ छाता कस्बे गए थे। मंगलवार को लौटते समय आगरा-दिल्ली हाईवे पर छाता कस्बे के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। सौरव गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। छाता थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल सौरव को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मृतक देवेंद्र के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे परिजनों का कहना था कि देवेंद्र परिवार का एक होनहार सदस्य था। उसकी आकस्मिक मृत्यु से परिवार में गहरा दुख है। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ट्रक और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपी चालक के खिलाफ जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *