राजधानी में सामाजिक संगठन मां गंगा विप्र कल्याण संघ द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम श्री राम जानकी मंदिर परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें समाज के 300 से अधिक लोग परिवार सहित शामिल हुए। कार्यक्रम में फूलों की होली खेली गई और भजन संध्या का आयोजन कर लोगों ने पारंपरिक तरीके से होली उत्सव का आनंद लिया। मिलन कार्यक्रम की शुरुआत भगवान की पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके बाद भजन संध्या का आयोजन हुआ। जिसमें भजन गायक मंडली ने होली और भक्ति से जुड़े भजन प्रस्तुत किए। भजनों की मधुर धुनों पर उपस्थित लोग भी झूमते नजर आए। समारोह में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। खास तौर पर फूलों की होली ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। मंदिर परिसर में रंग-बिरंगे फूलों से होली खेलते हुए लोगों ने आनंद और उत्साह के साथ पर्व मनाया। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और पारिवारिक जुड़ाव को मजबूत करते हैं। होली मिलन कार्यक्रम के माध्यम से समाज के लोगों को एक मंच पर आने और आपसी संवाद बढ़ाने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया और सभी ने मिलकर समाज में एकता और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।


