हुब्बल्ली में उत्साह के साथ मनाई गई रंग पंचमी, रंग-गुलाल के साथ ही ढोल-नगाड़ों के साथ युवाओं ने जमकर किया नृत्य

हुब्बल्ली में उत्साह के साथ मनाई गई रंग पंचमी, रंग-गुलाल के साथ ही ढोल-नगाड़ों के साथ युवाओं ने जमकर किया नृत्य

विशेष होली कार्यक्रम
शहर में रंगों के उत्सव रंग पंचमी को पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही विभिन्न क्षेत्रों में लोगों ने रंग-गुलाल के साथ रंग खेलने का आनंद लिया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर युवाओं और बच्चों ने जमकर नृत्य किया, जिससे पूरे शहर में उत्सवी माहौल बना रहा। दोपहर बाद कई क्षेत्रों में विभिन्न संगठनों की ओर से विशेष होली कार्यक्रम आयोजित किए गए। बाजार क्षेत्रों और प्रमुख चौक-चौराहों पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर रंगों के साथ होली का आनंद लेते नजर आए। रंग पंचमी के अवसर पर दुर्गदबेल, कमरीपेट, केसवापुर, ओल्ड हुब्बल्ली समेत कई इलाकों में विशेष आयोजन हुए। रति-कामन्ना की प्रतिमाओं के साथ रंगारंग शोभायात्राएं भी निकाली गईं। त्योहार के मद्देनजर पुलिस की ओर से शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। कई प्रमुख चौराहों पर बैरिकेड्स लगाए गए तथा ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी गई। सुरक्षा बलों ने पहले ही फ्लैग मार्च कर स्थिति का जायजा लिया था। त्योहार के कारण शहर के अधिकांश बाजार और प्रतिष्ठान शाम तक बंद रहे। रंग पंचमी के उल्लासपूर्ण आयोजन के साथ ही शहर में होली पर्व के सार्वजनिक उत्सवों का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *