CG Murder News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मकान खाली करने को लेकर हुए विवाद के बाद गुस्साए पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान 37 वर्षीय पुष्पलता यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
CG Murder News: किराए के मकान में रहते थे पति-पत्नी
जानकारी के अनुसार घटना रविवार दोपहर की है। पुष्पलता यादव अपने पति युवराज यादव के साथ नेहरू नगर के MIG-33 स्थित किराए के मकान में रहती थी। बताया जा रहा है कि मकान मालिक ने सुबह घर खाली करने के लिए कहा था, जिससे पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद के दौरान की बेरहमी से मारपीट
विवाद के दौरान आरोपी पति ने गाली-गलौज करते हुए पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसने बाथरूम के पास पत्नी का सिर जोर से पटक दिया। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने के कारण पुष्पलता यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना स्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
शराब के नशे में हुआ था विवाद
सिविल लाइन थाना प्रभारी एस.आर. साहू के अनुसार मकान को एक महीने के लिए किराए पर दिया गया था। रविवार सुबह मकान मालकिन ने घर तोड़कर दोबारा निर्माण कराने की बात कहकर मकान खाली करने को कहा था। आरोपी पति ने यह बातचीत सुन ली थी। वह शराब के नशे में था और इसी बात को लेकर पत्नी से विवाद करने लगा।
हत्या का मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी
विवाद के दौरान आरोपी ने पत्नी से मारपीट करते हुए उसका सिर बाथरूम के पास पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।


