गोंडा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है यहां विशालकाय अजगर जमीन पर और झाड़ियां में नहीं बैठा हुआ है नहीं घूमता दिखाई दे रहा है बल्कि एक पेड़ पर चढ़कर के बैठा हुआ है। जी हां कटरा बाजार विकासखंड के रामापुर टंडवा गांव में एक विशालकाय अजगर पेड़ पर बीते 24 घंटे से बैठा देखा गया है। जिसका वीडियो बना करके स्थानीय ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर वायरल किया है और ग्रामीणों ने इसकी सूचना भी वन विभाग को दी है। जानकारी के अनुसार, खेत की रखवाली करने गए ग्रामीणों ने पेड़ पर बैठे अजगर और पेड़ से लटकते उसके पिछले हिस्से को देखा था। ग्रामीणों के काफी प्रयासों के बावजूद अजगर पेड़ से नीचे नहीं उतरा स्थानीय लोगों ने अजगर को पेड़ पर बैठा देख वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को सूचना दी। हालांकि, 24 घंटे बीतने के बावजूद वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची है। यह अजगर कल सुबह से ही रामू पांडेय के खेत के बगल में लगे एक पेड़ पर बैठा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विशालकाय अजगर आराम से पेड़ पर बैठा है और उसका पिछला हिस्सा नीचे लटक रहा है।
गोंडा के वन विभाग अधिकारी अनुराग प्रियदर्शी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। अजगर को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इसे पकड़कर जंगल में छोड़ दिया जाएगा। प्रियदर्शी ने ग्रामीणों से अपील की है कि जब तक अजगर को पकड़ा नहीं जाता, तब तक वे उसके आसपास न जाएं और उस पर लगातार नजर रखें। ग्रामीणों के अनुसार इसकी लंबाई लगभग 5-6 फीट बताई जा रही है जिसके देखने से खेत की रखवाली करने वाले किसानों में हड़कंप मचा हुआ है।


