अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री को अचानक हार्ट अटैक आ गया। मौके पर मौजूद जीआरपी जवान की सूझबूझ से यात्री की जान बच गई। बस्ती जिले के सोनबरसा निवासी करीब 40 वर्षीय श्यामू अपने परिजनों के साथ दिल्ली जाने के लिए ट्रेन संख्या 14205 से यात्रा करने आए थे। वह प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बैठे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और वे अचेत होकर गिर पड़े। जीआरपी जवान ने तुरंत दिया CPR घटना की सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात जीआरपी कांस्टेबल अखंड प्रताप सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए यात्री को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देना शुरू किया। कुछ ही देर में यात्री की सांसें सामान्य होने लगीं। एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया प्राथमिक उपचार के बाद 108 एम्बुलेंस को बुलाया गया। एम्बुलेंस की मदद से श्यामू को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। यात्रियों ने की जवान की सराहना घटना के दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने जीआरपी जवान की तत्परता और मानवता की सराहना की। लोगों का कहना था कि समय रहते सीपीआर मिलने से यात्री की जान बच गई।


