रैपर बादशाह की गिरफ्तारी का लुकआउट नोटिस जारी, स्वाति मालिवाल बोलीं- ये शर्मनाक है…

रैपर बादशाह की गिरफ्तारी का लुकआउट नोटिस जारी, स्वाति मालिवाल बोलीं- ये शर्मनाक है…

Badshah Tateeree Song Controversy: इन दिनों मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह अपने नए हरियाणवी गाने ‘टटीरी’ को लेकर विवादों में घिर गए हैं। इस गाने के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई और कई लोगों ने इसके बोल और वीडियो पर आपत्ति जताई। आरोप है कि गाने में इस्तेमाल किए गए शब्द, हावभाव और स्कूल यूनिफॉर्म में दिखाई गई लड़कियों के दृश्य महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं।

मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब राज्यसभा सांसद स्वाति मालिवाल ने इस गाने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि इस तरह के गाने समाज में गलत संदेश देते हैं और ऐसे प्रभावशाली कलाकारों को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।

स्वाति मालिवाल ने जताई कड़ी आपत्ति (Badshah Tateeree Song Controversy)

स्वाति मालीवाल ने गाने को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि स्कूल जाने वाली लड़कियों को अश्लील तरीके से दिखाना बेहद शर्मनाक और अस्वीकार्य है। उन्होंने इसे मनोरंजन के नाम पर गलत परंपरा बताया और मांग की कि इस गाने को तुरंत सभी प्लेटफॉर्म से हटाया जाए। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने की अपील भी की।

पंचकूला में दर्ज हुई एफआईआर (Badshah Tateeree Song Controversy)

इस विवाद के बाद हरियाणा के पंचकूला में साइबर क्राइम थाने में रैपर बादशाह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता अभय चौधरी ने आरोप लगाया कि गाने में ऐसे दृश्य और इशारे हैं जो समाज के लिए आपत्तिजनक हैं और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं।

पुलिस ने इस मामले में बादशाह, जिनका असली नाम आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया है, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के साथ-साथ महिलाओं के अश्लील सीन से जुड़े कानूनों के तहत केस दर्ज किया है।

हरियाणा महिला आयोग ने भी लिया संज्ञान

गाने को लेकर बढ़ते विवाद के बीच हरियाणा स्टेट कमिशन फॉर वुमन ने भी इस मामले पर संज्ञान लिया था और रैपर को नोटिस जारी किया था। आयोग का कहना है कि अगर किसी गाने या कंटेंट में महिलाओं का अपमानजनक चित्रण होता है तो उस पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

जिंद जिले में भी दर्ज हुईं शिकायतें

इस विवाद के चलते हरियाणा के जिंद जिले में भी दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। इनमें से एक शिकायत रोडवेज से जुड़े एक अधिकारी की ओर से और दूसरी एक सरकारी स्कूल की हेड टीचर की ओर से दी गई है। दोनों शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि गाने के बोल और वीडियो महिलाओं की गरिमा और सांस्कृतिक मूल्यों को आहत करते हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन शिकायतों के आधार पर जिंद के सिविल लाइंस और सदर नरवाना थानों में भी मामले दर्ज किए गए हैं।

यूट्यूब से हटाया गया गाना

विवाद बढ़ने के बाद ‘टटीरी’ गाना फिलहाल यूट्यूब पर उपलब्ध नहीं है। प्लेटफॉर्म पर संदेश दिख रहा है कि सरकारी शिकायत के कारण यह कंटेंट भारत में उपलब्ध नहीं है। इससे साफ संकेत मिलता है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तारी का लुकआउट नोटिस जारी

बता दें इस मामले में हरियाणा पुलिस ने भी बड़ा एक्शन लेते हुए गिरफ्तारी के लिए दबिशें शुरू कर दी हैं। पुलिस ने लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है।

अभी तक बादशाह की प्रतिक्रिया नहीं

इस पूरे विवाद के बावजूद रैपर बादशाह की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि सोशल मीडिया पर यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है और लोग इस पर अपनी अलग-अलग राय दे रहे हैं।

फिलहाल ये देखना दिलचस्प होगा कि इस विवाद पर बादशाह क्या प्रतिक्रिया देते हैं और जांच के बाद प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *