जयपुर शहर में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। दैनिक भास्कर के भास्कर समाधान सेगमेंट के जरिए नागरिक अपने-अपने इलाकों की दिक्कतें साझा कर रहे हैं, जिससे संबंधित विभागों तक जमीनी समस्याएं पहुंच रही हैं। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से सड़क, नालियों, सीवर और रोड लाइट से जुड़ी शिकायतें सामने आई हैं। कहीं सीवर चैम्बर सड़क के स्तर पर नहीं होने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है, तो कहीं जाम नालियों के कारण गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है। वहीं एक क्षेत्र से शिकायत सामने आने के बाद सफाई करवा कर कचरा उठवाया गया, जिससे लोगों को राहत मिली है। बड़ी चौपड़ पर सड़क से ऊंचा सीवर चैम्बर बड़ी चौपड़ क्षेत्र से नवीन अग्रवाल ने पोस्ट कर बताया कि उनके इलाके में सीवर का चैम्बर सड़क के स्तर से ऊंचा है। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को गुजरते समय संतुलन बनाने में परेशानी होती है। खासतौर पर रात के समय यह स्थिति दुर्घटना का कारण बन सकती है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से चैम्बर को सड़क के बराबर करवाने की मांग की है ताकि संभावित हादसों से बचा जा सके। घाट गेट क्षेत्र में जाम नालियां, सड़क पर फैल रहा गंदा पानी घाट गेट क्षेत्र से राहुल चौधरी ने पोस्ट कर बताया कि जौहरी बाजार इलाके में नालियां लंबे समय से जाम पड़ी हुई हैं। नालियों में जमा कचरे के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे बदबू फैल रही है और राहगीरों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नियमित रूप से नालियों की सफाई कराने की मांग की है। खराब सड़क से आवागमन में परेशानी बेनाड़ रोड क्षेत्र से मोयंक यादव ने पोस्ट कर बताया कि झोटवाड़ा इलाके में सड़क निर्माण का कार्य अभी तक नहीं हुआ है। सड़क कच्ची और उबड़-खाबड़ होने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई जगह गड्ढे बने हुए हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। लोगों का कहना है कि बरसात या पानी भरने की स्थिति में यह समस्या और ज्यादा बढ़ जाती है। टीसीएम पथ पर दिन-रात जलती रहती है रोड लाइट टीसीएम पथ से चमेली प्रभाकर ने पोस्ट कर बताया कि उनके क्षेत्र में रोड लाइट दिन-रात लगातार जलती रहती है। दिन के समय भी लाइट बंद नहीं होती, जिससे बिजली की अनावश्यक खपत हो रही है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से व्यवस्था दुरुस्त कर बिजली की इस बर्बादी को रोकने की मांग की है। वार्ड 72 में सफाई से मिली राहत वार्ड 72 के शॉपिंग सेंटर क्षेत्र से राम अग्रवाल ने पोस्ट कर बताया था कि उनके इलाके में कचरा नियमित रूप से नहीं उठाया जा रहा था। कचरे के ढेर लगने से गंदगी फैल रही थी और आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मामला भास्कर समाधान में सामने आने के बाद संबंधित विभाग को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद सफाई टीम को मौके पर भेजकर जमा कचरा उठवाया गया और क्षेत्र में सफाई करवाई गई। शिकायतकर्ता ने बाद में ऐप पर कमेंट कर बताया कि अब इलाके में सफाई हो चुकी है और लोगों को गंदगी से राहत मिली है। मनोहरपुरा की कच्ची बस्ती में बंद पड़ी थीं रोड लाइटें मनोहरपुरा की कच्ची बस्ती क्षेत्र से आबिद अली ने भास्कर ऐप के समाधान सेगमेंट पर पोस्ट कर बताया था कि गली नंबर 1751 से 1766 के बीच लगी रोड लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी थीं। अंधेरा रहने के कारण लोगों को रात के समय आवाजाही में परेशानी हो रही थी। मामला सामने आने के बाद संबंधित विभाग को सूचित किया गया। इसके बाद टीम को मौके पर भेजकर खराब पड़ी रोड लाइटों की मरम्मत की गई और उन्हें दोबारा चालू कर दिया गया। आज के ‘पब्लिक के स्टार’ बने प्रदीप शर्मा मनोहरपुरा क्षेत्र में रोड लाइट की समस्या के समाधान में प्रदीप शर्मा (XEN) ने अहम भूमिका निभाई। शिकायत सामने आने के बाद उन्होंने मामले को प्राथमिकता से लेते हुए टीम को मौके पर भेजा और बंद पड़ी रोड लाइटों को ठीक करवाया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में फिर से रोशनी बहाल हो गई, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली। इसी कार्य के लिए उन्हें आज का पब्लिक का स्टार चुना गया। पब्लिक की आवाज बन रहा “भास्कर समाधान” ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट देशभर में इकलौता ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी सीधे अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू खुद पोस्ट कर सकते हैं। ये सेगमेंट जनता को अपने गली-मोहल्ले की परेशानियां सामने रखने के लिए मदद कर रहा है। लोगों से मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद अब इसे और अधिक प्रभावी, सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। अधिकारियों को सीधे मिल रही समस्याएं दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपना एक्शन बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उसके अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहेंगे तो जिस यूजर ने शिकायत की है, उसे भी कॉल कर सकेंगे। शहर में बदलाव का सकारात्मक प्रयास इस सेगमेंट को शुरू करने के पीछे भास्कर एप की सोच है कि आमजन और अधिकारियों के बीच सेतु का काम कर सकें। शहर के हर इलाके से आमजन की समस्याएं अधिकारियों तक पहुंचे ये संभव नहीं है। ऐसे में दैनिक भास्कर एप के जरिए हर व्यक्ति अपनी छोटी-बड़ी समस्याएं पोस्ट कर सकता है। एप के इस सेगमेंट के जरिए आपकी आवाज सीधे उस मंच तक पहुंचेगी, जहां से असर होता है। भास्कर एप से समस्याओं के समाधान की ये खबरें भी पढ़िए… 1.जयपुर की कॉलोनियों में स्ट्रीट-लाइट और सीवर की समस्या:शिकायत मिलने के बाद कई इलाकों में एक्शन लिया, पब्लिक के स्टार बने विजेंद्र जेदिया 2.कचरा, अंधेरा और जलभराव से जूझता जयपुर:सांगानेर में भास्कर समाधान से मिली राहत; राहुल अग्रवाल बने ‘पब्लिक के स्टार’ 3.खो-नागोरियान में 4 साल से जमा कचरे का हुआ समाधान:धंसती सड़क, खुले गड्ढों और सालों पुरानी गंदगी पर एक्शन; कई इलाकों में मिली राहत 4.भास्कर समाधान’ में जनता की आवाज से बदल रही तस्वीर:गंदगी पर कार्रवाई, सड़कों की सुध ली, स्ट्रीट लाइट चालू’ पब्लिक के स्टार बने पप्पू 5.राजधानी में ‘भास्कर समाधान’ का असर:सीवर लीकेज दुरुस्त, सड़क मरम्मत शुरू; विक्रम सिंह बने आज के स्टार ऑफिसर 6.जयपुर में पार्क हुआ साफ, बोरिंग की समस्या की दूर:भास्कर समाधान बना लोगों की आवाज, गौरव शर्मा बने ‘पब्लिक के स्टार’ 7.जयपुर में समाधान सेगमेंट में गूंजी वार्डों की आवाज:अधूरे सीवर कार्य, जाम चैम्बर और लीकेज पर कार्रवाई, JEN जसवंत भास्कर बने ‘स्टार ऑफिसर’ 8.भास्कर समाधान में उठीं सड़क, सीवर और लाइट की समस्याएं:कई वार्डों में शुरू हुई कार्रवाई, पार्क और खाली प्लॉट से हटाई गंदगी 9.जयपुर में खुला ट्रांसफॉर्मर बना खतरा:सूर्य नगर के पार्क में गंदगी से परेशानी, हरेंद्र सिंह बने आज के ‘स्टार ऑफिसर’ 10.भास्कर के समाधान सेगमेंट से गूंजी वार्डों की आवाज:कई जगह कार्रवाई से मिली राहत, पार्क की गंदगी, बंद लाइट, अधूरी सड़क मुद्दों पर विभाग सक्रिय


