रंगपंचमी पर रविवार को उज्जैन शहर में चार गैर निकलेगी। महाकाल मंदिर से निकलने वाली पारंपरिक महाकालेश्वर की ध्वज यात्रा सहित पहली बार सिंधी कॉलोनी चौराहे से टॉवर चौराहे तक निकलने वाली गैर में सीएम डॉ मोहन यादव भी शामिल होंगे। शहर में निकलने वाली गैर के लिए पुलिस ने ट्रैफिक प्लान लागू किया है। रंगपंचमी के अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर के सभा मंडप में पुजारी-पुरोहित व अधिकारियों द्वारा भगवान के ध्वज के पूजन पश्चात चल समारोह शाम छह बजे मंदिर से निकलेगा। चल समारोह में रोशनी से झिलमिलती धार्मिक झांकिया स्थानीय और बाहर से आए बैंड धार्मिक भजनों की प्रस्तुति देंगे। महाकाल मंदिर से निकलने वाली इस गेर में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल हो होंगे। सीएम भी होंगे शामिल रंग पंचमी पर सुबह 9 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव श्री कृष्ण सुदामा रंग उत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। सिंधी कॉलोनी से तीनबत्ती होकर टॉवर चौराहे तक जाएंगे। टॉवर चौराहे पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। सीएम महोत्सव में शामिल लोगों का रंग, गुलाल, फूलों से स्वागत करेंगे। रंगपंचमी पर शहर में मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में श्री कृष्ण सुदामा रंग उत्सव को बहुत ही धूमधाम से मनाया जाएगा। टॉवर चौक पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, रंग, गुब्बारे, गुलाल, अबीर सारी सामग्री रहेगी। यहां पर नाश्ते की व्यवस्था भी रहेगी। जाने कहां से कहां तक निकलेगी गेर शाम 5 बजे: भगवान महाकालेश्वर की गेर से शुरुआत होगी। गेर का शुभारंभ महाकालेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर कोट मोहल्ला, तोपखाना, दौलतगंज, कंठाल, सतीगेट, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, गुदरी होते हुए पुनः महाकालेश्वर मंदिर पर समापन होगा जयसिंहपुरा गेर : मालीपुरा मंदिर से प्रारंभ होकर रेलवे फाटक, गऊघाट, यंत्र महल होते हुए जंतर- मंतर पर समाप्त होगी। छड़ी मार गेर: शाम 6 बजे कहारवाड़ी से प्रारंभ होकर रामघाट पहुंचेगी, जहां प्रसाद वितरण के पश्चात वापस लौटेगी। धोबी समाज गेर : शाम 6:30 बजे चौबीस खंभा माता मंदिर से शुरू होकर कहारवाड़ी, ढाबा रोड, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार होते हुए चौबीस खम्भा पर समापन होगा।


