छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र के हरद्वार गांव में एक युवक की मौत हो गई। मरने से पहले का उसका एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वह हाथ में सल्फास की पुड़िया लेकर बुंदेली गीत पर रील बनाते हुए दिख रहा है। हरद्वार निवासी 28 वर्षीय मुकुंद यादव पिता जाहर सिंह यादव, गुरुवार दोपहर से घर से लापता था। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। दोपहर बाद गांव के पास झूमर हार स्थित पहाड़ी पर एक चरवाहे ने मुकुंद को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। चरवाहे ने तुरंत इसकी सूचना गांव वालों और परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को तत्काल लवकुशनगर के स्थानीय अस्पताल ले गए। वहां हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मुकुंद की मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद अब मृतक मुकुंद यादव का एक वीडियो आया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो उसकी इंस्टाग्राम आईडी से बनाया गया था। वीडियो में मुकुंद यादव अपने हाथ में सल्फास की दो पुड़िया लिए हुए बुंदेली गीत के साथ रील बनाते हुए स्पष्ट दिख रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद यह आशंका जताई जा रही है कि युवक ने शराब के नशे में जहरीले पदार्थ का सेवन किया होगा। परिजनों ने पहले ही युवक की मौत को लेकर संदेह व्यक्त किया था। अब इस वीडियो के सामने आने से मामले की कुछ हद तक स्पष्टता मिलती दिख रही है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही सामने आ पाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया है और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


