भिंड जिले के मालनपुर स्थित कैडबरी फैक्ट्री के एक कर्मचारी के साथ एटीएम कार्ड बदलकर 2.91 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। घटना 5 अक्टूबर को मुरार थाना क्षेत्र में हुई थी, लेकिन पुलिस ने लगभग चार महीने बाद मामला दर्ज किया। आरोपी को जनता ने 25 फरवरी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था, जिसके बाद ठगी का खुलासा हुआ। मुरार के सूरी नगर निवासी शिवकुमार पटेल मालनपुर की कैडबरी फैक्ट्री में कार्यरत हैं। 5 अक्टूबर को वह सात नंबर चौराहे पर एटीएम से पैसे निकालने गए थे। उन्होंने जैसे ही अपना कार्ड मशीन में डाला, वह फंस गया। तभी पास खड़े एक ठग युवक ने कार्ड निकालने में मदद करने की पेशकश की। कार्ड निकालने के बहाने उस युवक ने शिवकुमार का एटीएम कार्ड बदल दिया और उन्हें अपना नकली कार्ड थमा दिया। उस समय तो शिवकुमार बिना पैसे निकाले ही वापस लौट आए थे। लेकिन कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर खाते से पैसे निकलने का मैसेज आया, जिससे उन्हें ठगी का एहसास हुआ। शिवकुमार पटेल ने तुरंत मुरार पुलिस से संपर्क किया, लेकिन पुलिस ने केवल उनका आवेदन लिया और जांच का आश्वासन देकर टाल दिया। इस दौरान कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई। घटना का खुलासा तब हुआ जब 25 फरवरी को मुरार के स्थानीय लोगों ने प्रदीप शिवहरे (निवासी फोर्ट व्यू कॉलोनी) को संदिग्ध गतिविधियों के चलते पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड मिले थे। पूछताछ में प्रदीप शिवहरे ने स्वीकार किया कि उसने कुछ महीने पहले सात नंबर चौराहे पर एटीएम कार्ड बदलकर एक व्यक्ति के खाते से 2.91 लाख रुपये निकाले थे। प्रदीप के कबूलनामे के बाद पुलिस ने अपने लंबित आवेदनों की जांच की और उसमें शिवकुमार पटेल का पुराना आवेदन मिला। इसके बाद पुलिस ने लगभग चार महीने बाद गुरुवार रात को शिवकुमार पटेल की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।


