अलवर। बहरोड़-कोटपूतली जिले के हरसौरा थाना क्षेत्र के गांव मुगलपुर में गोली चलने से हरसौरा थाने के हिस्ट्रीशीटर महेश गुर्जर की मौत हो गई। घटना के दौरान हिस्ट्रीशीटर गांव के एक खेत में दो-तीन लोगों के साथ बैठे थे। इनमें उसका रिश्तेदार भी था, जिसकी पिस्टल से गोली चल गई जो महेश के पेट में जा लगी। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
डीएसपी मेघा गोयल ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे बानसूर अस्पताल से सूचना मिली कि मुगलपुर गांव के एक युवक को गोली लगी है। सूचना मिलते ही हरसौरा थाना पुलिस थाना अधिकारी जनमेजाराम के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मुगलपुर गांव में खेत में दो-तीन लोग बैठे हुए थे, जिनमें हिस्ट्रीशीटर महेश गुर्जर और उसका रिश्तेदार चेतन उर्फ काली भी शामिल था।
रिश्तेदार की पिस्टल से चली थी गोली
परिजनों ने पुलिस को बताया कि चेतन उर्फ काली के हाथ में पिस्टल थी, जो अचानक चल गई और गोली सीधे महेश गुर्जर के पेट में लग गई। घायल महेश गुर्जर को पहले बानसूर अस्पताल लाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे कोटपूतली रेफर किया गया। बाद में हालत नाजुक होने पर जयपुर रेफर किया गया, जहां गुरुवार शाम निम्स अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
हरसौरा थाने के हिस्ट्रीशीटर पर 24 मुकदमे दर्ज
हरसौरा थाना अधिकारी जनमेजाराम महेश गुर्जर हरसौरा थाने का हिस्ट्रीशीटर था, जिसके खिलाफ बानसूर, हरसौरा, खाटूश्याम सहित विभिन्न स्थानों पर करीब 24 मुकदमे दर्ज हैं। शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


