US–Israel alliance and Iran: मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजरायल गठबंधन और ईरान के बीच बढ़ता तनाव अब एक भयानक युद्ध का रूप ले चुका है। इस जंग की आग ने सिर्फ सरहदों को ही नहीं, बल्कि आम लोगों की जिंदगी को भी अपनी चपेट में ले लिया है। इस वक्त हजारों भारतीय दुबई में फंसे हुए हैं, जिनमें कई बड़े सितारें भी हैं। कुछ समय पहले लारा दत्ता ने भी पोस्ट में दुबई में होने की बात बताई थी। अब मशहूर टेलीविजन एक्टर रोहन गंडोत्रा के पोस्ट से भी सोशल मीडिया पर तहलका मचा हुआ है। रोहन ने बताया है कि वह दुबई में फंसे हुए हैं। उन्होंने दुबई से अपनी जो आपबीती सुनाई है, वह किसी फिल्म के डरावने सीन से कम नहीं है। लोग उनके ठीक होने की कामना कर रहे हैं।
एक्टर रोहन गंडोत्र का पोस्ट हुआ वायरल (Iran Israel War)
रोहन गंडोत्रा करीब 10 दिन पहले एक म्यूजिक वीडियो की शूटिंग के सिलसिले में दुबई आए थे। उन्हें 8 मार्च को भारत लौटना था, लेकिन अब सब कुछ अनिश्चित हो गया है। उस खौफनाक रात को याद करते हुए रोहन ने बताया, “मैं बुर्ज खलीफा के पास ठीक सामने वाले इलाके में रुका था। आधी रात के आसपास अचानक हवा में जोरदार धमाकों की आवाजें आने लगीं। जब हमें पता चला कि ईरान ने हमला शुरू कर दिया है, तो हम सन्न रह गए। मैंने खिड़की से दूर धुएं के काले गुबार उठते देखे। यह मंजर रूह कंपा देने वाला था।”

दुबई में हैं रोहन, बताई आपबीती (Actor Rohan Gandotra Stuck In Dubai)
रोहन को बाद में स्थानीय प्रशासन से पता चला कि वह आवाजें दरअसल मिसाइलों को हवा में ही नष्ट करने (इंटरसेप्शन) की थीं। रोहन कहते हैं, “दूसरे देश में ऐसी स्थिति में फंसना आपको बहुत असुरक्षित महसूस कराता है। मुझे यहां की सरकार पर भरोसा है, लेकिन डर तो लगता ही है। जिंदगी कितनी नाजुक है, यह मुझे उस रात अहसास हुआ।
घर में कैद हैं एक्टर, स्कूल-दफ्तर सब बंद (Rohan Gandotra shows deserted Dubai streets amid Middle East tensions)
फिलहाल दुबई में हालात सामान्य नहीं हैं। रोहन ने बताया कि एहतियात के तौर पर वहां के स्कूल, कॉलेज और प्राइवेट ऑफिस बंद कर दिए गए हैं। हालांकि कुछ लोग बाहर निकल रहे हैं, लेकिन रोहन ने खुद को होटल के कमरे में ही कैद कर लिया है। उन्होंने कहा, “मैं कोई रिस्क नहीं लेना चाहता। परिवार और दोस्तों के लगातार फोन आ रहे हैं, सब डरे हुए हैं। मैं बस उन्हें दिलासा दे रहा हूं कि मैं ठीक हूं।”

घर वापसी पर सस्पेंस
दुबई एयरपोर्ट पर उड़ानों की आवाजाही पूरी तरह ठप है। रोहन ने कहा कि अगर 8 तारीख तक एयरपोर्ट खुलता है, तो वह पहली फ्लाइट से वतन वापस लौट आएंगे, वरना उन्हें वहां रुकने के लिए कोई दूसरा रास्ता सोचना होगा। मिडिल ईस्ट के आसमान इस वक्त सब बंद है और हजारों मुसाफिरों की तरह रोहन भी बस शांति की दुआ कर रहे हैं।


