फसल बीमा पंजीयन तारीख बढ़ाने, बिजली-बिल कम करने की मांग:राजगढ़ में पंप कनेक्शन भार बढ़ने से बिल ज्यादा; फसल बीमा देने की अपील

फसल बीमा पंजीयन तारीख बढ़ाने, बिजली-बिल कम करने की मांग:राजगढ़ में पंप कनेक्शन भार बढ़ने से बिल ज्यादा; फसल बीमा देने की अपील

राजगढ़ में गुरुवार को भारतीय किसान संघ का 47वां स्थापना दिवस खुजनेर रोड स्थित कृषि उपज मंडी प्रांगण में मनाया गया। जिला अध्यक्ष बद्रीलाल नागर के नेतृत्व में जिलेभर से बड़ी संख्या में किसान मंडी परिसर में एकत्रित हुए। इस अवसर पर आयोजित बैठक में किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर नाराजगी जताते हुए जोरदार नारेबाजी की। बैठक के बाद किसान ट्रैक्टरों पर सवार होकर आक्रोश रैली निकालेंगे। यह रैली कृषि मंडी से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचेगी, जहां किसान अपनी 15 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे। बिजली बिल और पंप कनेक्शन का मुद्दा
किसानों ने बताया कि बिजली के बढ़ते बिलों से किसान और घरेलू उपभोक्ता दोनों परेशान हैं। बिना जानकारी दिए किसानों के पंप कनेक्शन का भार बढ़ा दिया गया है, जिससे बिजली बिल ज्यादा आ रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग द्वारा कोई समाधान नहीं किया गया है।
सिंचाई परियोजना में लापरवाही का आरोप
किसानों ने मोहनपुरा-कुंडलिया डैम सिंचाई परियोजना को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण आउटलेट तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और फसलों को नुकसान हो रहा है। फसल बीमा और पंजीयन की तारीख बढ़ाने की मांग
किसानों का कहना है कि सोयाबीन फसल की राहत राशि तो जारी कर दी गई है, लेकिन अब तक फसल बीमा की राशि किसानों को नहीं मिली है। वहीं फसलों की खरीद के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च निर्धारित की गई है, जिसे बढ़ाकर 30 मार्च किए जाने की मांग की गई है, ताकि अधिक किसान पंजीयन करा सकें। जंगली जानवरों से फसल नुकसान का मुद्दा
बैठक में जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा भी उठाया गया। किसानों का कहना है कि सरकार ने बीमा और मुआवजे की घोषणा की थी, लेकिन आज तक किसी भी किसान को इसका लाभ नहीं मिला है। गेहूं का समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग
किसानों ने सरकार से गेहूं की खरीद 2700 रुपये प्रति क्विंटल करने के वादे को पूरा करने की मांग भी उठाई। इसके अलावा सूर्य कुसुम सोलर कृषक योजना के तहत दो वर्ष पहले आवेदन और डीडी जमा कराने के बावजूद अब तक योजना का लाभ नहीं मिलने पर भी किसानों ने नाराजगी जताई। उन्होंने पात्र किसानों को जल्द सोलर पंप उपलब्ध कराने की मांग की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *