Iran Israel War: ड्रोन हमले में मुंबई के युवक की मौत, ओमान की खाड़ी में जहाज पर था सवार

Iran Israel War: ड्रोन हमले में मुंबई के युवक की मौत, ओमान की खाड़ी में जहाज पर था सवार

पश्चिम एशिया में छिड़े भीषण युद्ध के बीच ओमान के मस्कट तट के पास ‘गल्फ ऑफ ओमान’ में एक मालवाहक ऑयल टैंकर जहाज पर ड्रोन हमला हुआ, जिसमें मुंबई के कांदिवली निवासी दीक्षित सोलंकी (25) की मौत हो गई। यह हमला उस समय हुआ जब दीक्षित ‘MKD Vyom’ नामक जहाज पर क्रू मेंबर के रूप में अपनी ड्यूटी कर रहे थे। यह हमला ईरान-इजरायल संघर्ष से जुड़ा माना जा रहा है।

अटैक से इंजिन रूम में लगी आग

जानकारी के अनुसार, दीक्षित सोलंकी मूल रूप से दीव (गुजरात) के रहने वाले थे, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से वे मुंबई के कांदिवली इलाके में रह रहे थे। वे मार्शल आइलैंड्स के ध्वज वाले ऑयल टैंकर पर कार्यरत थे। तभी ओमान के मस्कट तट से करीब 52 नॉटिकल मील दूर जहाज पर विस्फोटकों से भरी एक मानवरहित ड्रोन बोट ने हमला किया। यह हमला इतना भीषण था कि जहाज के इंजन रूम में जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई, जिसमें दीक्षित की मौके पर ही मौत हो गई।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, एक महीने पहले मां का निधन

दीक्षित के परिवार के लिए यह खबर किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। दीक्षित के पिता अमृतलाल सोलंकी दीव में मछली पकड़ने का व्यवसाय करते हैं। दीक्षित उनका सबसे छोटा बेटा था। परिवार के अनुसार, एक महीने पहले ही मां का निधन हुआ था। मां के अंतिम संस्कार के बाद वह दोबारा अपनी ड्यूटी पर जहाज पर लौट गया था, लेकिन दुर्भाग्य से इस हमले में उसकी जान चली गई।

दुबई में फंसे महाराष्ट्र के 164 पर्यटक सुरक्षित लौटे

अमेरिका-इजरायल और ईरान के संघर्ष के कारण दुबई (यूएई) में सैकड़ों भारतीय पर्यटक फंस गए हैं। इस बीच, शिवसेना (एकनाथ शिंदे) की वजह से यूएई में फंसे महाराष्ट्र के कुल 164 पर्यटक दो उड़ानों से स्वदेश लौट आए हैं।

शिवसेना पदाधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र के इन पर्यटकों के लिए यूएई के फुजैरा एयरपोर्ट से उड़ानों की व्यवस्था उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने की थी। उन्होंने बताया कि 76 और 88 पर्यटकों को लेकर दो विमान मंगलवार रात मुंबई उतरे। इसमें पुणे स्थित ‘इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज’ के 84 एमबीए छात्र व स्टाफ भी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *