जयपुर। सवाईमानसिंह अस्पताल में रोबोट के जरिए एक मरीज के दोनों तरफ हर्निया का ऑपरेशन किया गया। मरीज का पिछले कुछ समय पहले एक्सीडेंट हुआ था, जिसके कारण उसके चोट लगी और उससे दोनों तरफ हर्निया हो गया था। डॉक्टरों का कहना है कि अमूमन ट्रोमा केस में हर्निया होने की संभावना बहुत कम रहती है।
मरीज रामपाल (50) राजस्थान पुलिस में हेड कांस्टेबल है। मरीज ने बताया- कि पिछले साल 30 नवंबर को राजापार्क में ड्यूटी के दौरान एक बेकाबू ट्रक को रोकने के दौरान उनका एक्सीडेंट हो गया था। इस दौरान उसके शरीर पर चोट आई। इस कारण से उसके हर्निया होना बताया गया। मरीज पिछले महीने जब ओपीडी में आया। यहां उसकी तमाम जांचे करवाने के बाद हर्निया की पुष्टि होने पर 23 फरवरी को किया भर्ती किया और 28 फरवरी को ऑपरेशन करने के बाद धुलंडी यानी 3 मार्च को छुट्टी दी। अस्पताल की सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. ऋचा जैन के निर्देशन में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नरेन्द्र शर्मा और उनकी टीम ने इस सर्जरी को किया। सर्जरी में उनके साथ डॉ. दीक्षा मेहता, डॉ. हिमांशु, डॉ. सोनाली, डॉ. सौम्या, एनिस्थिसिया से सीनियर प्रोफेसर डॉ. सुशील भाटी, डॉ. इन्दु, डॉ. सुनील चौहान, डॉ. मनोज सोनी, डॉ. आकांक्षा मौजूद रहे। सर्जरी करने में करीब ढाई घंटे लगे।
अब तक 300 सर्जरी
एसएमएस अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने बताया- एसएमएस हॉस्पिटल की जनरल सर्जरी डिपार्टमेंट में रोबोटिक मशीन लगने के बाद से अब तक 300 सर्जरी की जा चुकी है। जो अपने आप में एक बड़ा कीर्तिमान है। उन्होंने बताया- राजस्थान के सरकारी हॉस्पिटल में रोबोट से इतनी सर्जरी अभी तक किसी जगह नहीं हुई। रोबोट सर्जरी का सबसे बड़ा फायदा मरीजों को होता है, जिसमें ब्लड लॉस कम होता है और मरीज की रिकवरी बहुत तेजी से होती है।


