Horrific Accident : मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बड़वारा थाना इलाके के अंतर्गत देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कटनी-बरही मार्ग पर सुड्डी ग्राम मोड़ के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सामने से आ रही मोटर साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार की एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, माधवनगर थाना क्षेत्र के भानपुर निवासी 55 वर्षीय शिव सिंह और उनके पुत्र 35 वर्षीय मनोज सिंह अपनी बहू चंदा बाई के साथ मोटरसाइकिल से बरही के सुखदास ग्राम से लौट रहे थे। वे चंदा बाई की भाभी के निधन पर आयोजित शोक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस आ रहे थे।
सुड्डी मोड़ पर अनियंत्रित हुई पिकअप
रात करीब 9 बजे जैसे ही उनकी बाइक सुड्डी ग्राम मोड़ के पास पहुंची, कटनी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह बाइक को रौंदते हुए सड़क किनारे खेत में जा घुसी।
मौके पर ही पिता-पुत्र की मौत

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही बड़वारा पुलिस और 108 एम्बुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। चिकित्सकों ने जांच के बाद शिव सिंह और मनोज सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल चंदा बाई को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल ले जाया गया और हालत नाजुक होने पर बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक शिव सिंह खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पुत्र मनोज सिंह के पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चे-बेटी शिखा (14) और बेटा सिब्बू (12) रह गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पिकअप चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी
बड़वारा थाना प्रभारी केके पटेल ने बताया कि दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा वाहन को जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है और फरार चालक की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। मामले में मर्ग कायम कर शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है तथा दुर्घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।


