एमपीपीएससी की सबसे अहम परीक्षा पर बड़ा अपडेट, आयोग ने जारी किया शेड्यूल

एमपीपीएससी की सबसे अहम परीक्षा पर बड़ा अपडेट, आयोग ने जारी किया शेड्यूल

MPPSC- मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग यानि एमपीपीएससी की भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। आयोग ने सन 2025-26 की सभी अहम परीक्षाओं के​ लिए कैलेंडर जारी कर दिया है। एमपीपीएससी MPPSC ने मार्च से सितंबर तक का विस्तृत परीक्षा व साक्षात्कार कार्यक्रम जारी किया है। इनमें राज्य सेवा एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा भी शामिल है जिसे एमपीपीएससी की सबसे बड़ी परीक्षा माना जाता है। यह अहम परीक्षा अप्रेल में होगी। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार अनेक अहम लिखित परीक्षाएं और साक्षात्कार का क्रम एक साथ चलेगा। आयोग ने लंबित परीक्षाओं पर फोकस किया है।

मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग मार्च से लेकर सितंबर माह तक खासा व्यस्त रहेगा। इस दौरान एमपीपीएससी MPPSC की अनेक प्रमुख परीक्षाएं और इंटरव्यू लगातार आयोजित किए जाएंगे। 7 माह की इस अवधि के मध्य में जून में राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 भी प्रस्तावित है। हालांकि आयोग ने साफ कर दिया है कि इस परीक्षा से संबंधित मामला कोर्ट में लंबित है, इसलिए मंजूरी मिलने पर परीक्षा ली जा सकेगी।

एमपीपीएससी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार माइनिंग ऑफिसर के 85 पदों के इंटरव्यू 6 मार्च से शुरु हो जाएंगे। 15 मार्च से: असिस्टेंट प्रोफेसर के इंटरव्यू होंगे। एमपीपीएससी की स्टेट इंजीनियरिंग सर्विस परीक्षा 22 मार्च को होगी। 32 पदों के लिए आयोजित यह परीक्षा करीब 2500 अभ्यर्थी देंगे।

राज्य सेवा एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 26 अप्रैल को

अप्रैल में आयोग की सबसे बड़ी परीक्षा आयोजित की जाएगी। राज्य सेवा एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 26 अप्रैल को रखी गई है। इसमें राज्य सेवा के 155 पदों व वन सेवा के लिए 30 पदों के लिए करीब 1.33 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। वर्ष की सबसे बड़ी परीक्षा मानी जाती राज्य सेवा एवं वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा के लिए प्रदेश के 54 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।

यूनिवर्सिटी असिस्टेंट रजिस्ट्रार की परीक्षा 17 मई को होगी जबकि कोर्ट की अनुमति मिलने की स्थिति में जून में राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 प्रस्तावित है। जुलाई–अगस्त में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती-2025 की लिखित परीक्षाएं होगी। कुल 1239 पद के लिए ये परीक्षा तीन चरणों में 12 जुलाई, 2 अगस्त और 30 अगस्त को ली जाएगी।

मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के लिए सितंबर माह भी बेहद अहम साबित होगा। इस महीने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 प्रस्तावित है। 7 से 12 सितंबर तक रखी गई परीक्षा के साथ ही इंटरव्यू भी शुरु हो सकते हैं। मार्च से सितंबर के दौरान कई अन्य इंटरव्यू भी होंगे जिनमें असिस्टेंट मैनेजर, फूड सेफ्टी ऑफिसर, आयुर्वेद मेडिकल ऑफिसर, होम्योपैथ और यूनानी मेडिकल ऑफिसर पदों के अभ्यर्थी शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *