भिलाई में देर रात एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना पावर हाउस रेलवे स्टेशन के सामने दुर्ग से रायपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर हुई। शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर आरोपी ने युवक के साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और चाकू से वार कर दिया। घायल युवक ने मामले की शिकायत पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की है। संतोषी पारा कैंप-02 भिलाई निवासी 22 वर्षीय धीरज विश्वकर्मा ने बताया कि वह आदित्य बिरला कंपनी हिंडालको, लपंगा (उड़ीसा) में डिप्लोमा इंजीनियरिंग कर रहा है। 3 मार्च की रात करीब 1.30 बजे वह पावर हाउस रेलवे स्टेशन के सामने अपने घर जाने के लिए खड़ा था। इसी दौरान एक युवक वहां आया और उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पैसे नहीं देने पर किया वार
धीरज के अनुसार उसने पैसे देने से मना कर दिया। इस पर आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। जब धीरज ने गाली देने से रोका तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसने अपने पास रखे चाकू से धीरज की बाईं जांघ के पास वार कर दिया। हमले के बाद धीरज सड़क पर गिर पड़ा। साथ में अन्य लोग भी थे शामिल
मारपीट की वजह से पीड़ित को बाईं जांघ के पास, सीने के दाहिने हिस्से और दोनों हाथों की कोहनी के पास चोट आई है। धीरज ने बताया कि वह बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगा। तभी किसी ने आरोपी को राहुल के नाम से पुकारा। घटना के दौरान बीच-बचाव में धक्का-मुक्की के बीच धीरज का पर्स भी गिर गया। पर्स में बैंक ऑफ बड़ौदा और एसबीआई के एटीएम कार्ड के साथ करीब 6 हजार रुपये नकद रखे थे। सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
घटना के बाद इलाके में देर रात सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन और मुख्य सड़क जैसे व्यस्त इलाके में इस तरह की वारदात चिंता की बात है। घायल युवक का इलाज कराया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है। आरोपी की भी तलाश की जा रही है।


