गोंडा : कैसरगंज से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अपने आवास विश्रोहरपुर में थारू जनजाति होली उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया। इस समारोह में बलरामपुर और श्रावस्ती से भारी संख्या में लोग पहुंचे। समारोह में विभिन्न तरह की प्रस्तुतियां दी गईं। इसी दौरान एक गाने पर बृजभूषण शरण सिंह भी जमकर झूमे। उनका यह डांस सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
बृजभूषण शरण सिंह गानों पर जमकर झूमे और उन्होंने गमछा लहराकर गजब का डांस किया। सोशल मीडिया पर बृजभूषण शरण सिंह के डांस को काफी लोगों ने देखा। वहीं, मीडिया से बात करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध पर अपनी टिप्पणी दी। उन्होंने कहा कि युद्ध किसी भी स्थिति में किसी के लिए अच्छा नहीं होता।
बातचीत ही हर चीज का सॉल्यूशन
बृजभूषण ने कहा, ‘देखिए, बातचीत का ही रास्ता सबको अपनाना पड़ेगा। अब तब तक कितना बड़ा विनाश हो जाता है, कितना बड़ा नुकसान हो जाता है। दुनिया के तमाम ऐसे देश, जो बहुत सुरक्षित माने जाते थे, आज वहां भी एक तरह से खलबली मची हुई है।’
आज भारत के भी तमाम लोग, जैसे खाड़ी के देशों में बहुत बड़ी संख्या में हमारे लोग रह रहे हैं। ऐसा नहीं है कि केवल मुसलमानों की ही संख्या है, हर समाज और हर जाति के लोग वहाँ काम कर रहे हैं। आज वे सभी वहां परेशान हैं और उनके परिवार यहाँ परेशान हैं।
ईरान-अमेरिका वॉर से भारत अछूता नहीं
बृजभूषण शरण सिंह ने आगे कहा कि इस युद्ध से भारत भी अछूता नहीं है। अब देखिए हमारी रेसलिंग टीम एक देश में प्रतियोगिता के लिए गई थी, लेकिन अब वह वहीं फंस गई है। फिलहाल, कल तक वह वापिस आ सकते हैं।


