NZ vs SA, SemiFinal: पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से होगी दक्षिण अफ्रीका की भिड़ंत, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड?

NZ vs SA, SemiFinal: पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से होगी दक्षिण अफ्रीका की भिड़ंत, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड?

South Africa vs New Zealand, 1st Semi-Final: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की भिड़ंत न्यूजीलैंड से 4 मार्च को होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला जाना है। दक्षिण अफ्रीका इस टूर्नामेंट की इकलौती टीम है, जो विश्व कप में अजेय रही है। टी20 फॉर्मेट में दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा न्यूजीलैंड के खिलाफ भारी रहा है।

न्यूजीलैंड पर भारी पड़ा है दक्षिण अफ्रीका

क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड की कुल 19 बार भिड़ंत हुई है, जिसमें से 12 मुकाबलों में जीत प्रोटियाज टीम के हाथ लगी है। वहीं, न्यूजीलैंड ने सिर्फ 7 मैच जीते हैं। दक्षिण अफ्रीका का प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कमाल का रहा है। टीम ने टूर्नामेंट में अब तक खेले सभी मुकाबलों में जीत दर्ज की है। एडेन मार्करम की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका ने सुपर-8 राउंड में भारत, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे को हराते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई है।

एडेन मार्करम बेहतरीन फॉर्म में

दक्षिण अफ्रीका की तरफ से बल्लेबाजी में एडेन मार्करम बेहतरीन फॉर्म में नजर आए हैं। मार्करम 7 मैचों में 175 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 268 रन बना चुके हैं। वहीं, रयान रिकेल्टन भी लगातार बल्ले से अहम योगदान दे रहे हैं। रिकेल्टन 7 मैचों में 171 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 228 रन बना चुके हैं। क्विंटन डी कॉक ने भी पावरप्ले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को दमदार शुरुआत दी है। गेंदबाजी में लुंगी एनगिडी दक्षिण अफ्रीका की ओर से इस विश्व कप में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं। एनगिडी 6 मैचों में अब तक 12 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। वहीं, कॉर्बिन बॉश 11 विकेट निकाल चुके हैं।

न्यूजीलैंड के बल्लेबाज भी फॉर्म में

दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की टीम भी बेहतरीन लय में दिखाई दी है। बल्लेबाजी में टिम सीफर्ट ने 6 मुकाबलों में 157 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 216 रन बनाए हैं। वहीं, रचिन रविंद्र लगातार बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दे रहे हैं। ग्लेन फिलिप्स ने भी न्यूजीलैंड की लड़खड़ाती हुई पारी को बखूबी संभाला है। गेंदबाजी में मिचेल सैंटनर, मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन ने बढ़िया प्रदर्शन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *