लखनऊ में रफ्तार एसयूवी ने दंपती को रौंदा:दोनों की मौत; होली की खुशियां मातम में बदलीं

लखनऊ में रफ्तार एसयूवी ने दंपती को रौंदा:दोनों की मौत; होली की खुशियां मातम में बदलीं

लखनऊ के इंदिरा नहर के पास किसान पथ की सर्विस लेन पर सोमवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार एसयूवी ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। टक्कर के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने एसयूवी को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मूल रूप से बाराबंकी के फरीस्तीपुर गदिया निवासी देवेंद्र कुमार परिवार के साथ चिनहट के माती गांव में रह रहे थे। चचेरे भाई संजीव कुमार के अनुसार, सोमवार शाम देवेंद्र पत्नी सीमा के साथ होली की खरीदारी करने बाइक से निकले थे। वे किसान पथ की सर्विस लेन पर उल्टी दिशा से जा रहे थे। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में देवेंद्र और सीमा गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। देवेंद्र चिनहट स्थित एक निजी कंपनी में काम करते थे। उनके दो मासूम बच्चे—अति और आदित्य हैं। कई वर्ष पहले उनके पिता का निधन हो चुका है। परिवार में मां फूलकली और भाई भूपेंद्र हैं। दादी के कंधों पर बच्चों की जिम्मेदारी बेटे-बहू की मौत की खबर मिलते ही मां फूलकली बदहवास हो गईं। होली से पहले घर में जहां खुशियों की तैयारी थी, वहां मातम पसर गया। परिजन किसी तरह बच्चों और बुजुर्ग मां को संभालते नजर आए। इंस्पेक्टर राम सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *