ग्वालियर में अब पुलिस आधुनिक उपकरण से लैस होकर सड़कों पर चेकिंग करेगी। पारदर्शिता से चेकिंग करने के लिए पुलिस जवान व अफसर बॉडी वार्न कैमरा, शोल्डर ब्लिंकर लाइट से लैस होंगे। जिससे सड़क पर पुलिस पर लगने वाले अभद्रता के आरोपों की सच्चाई सामने आ सके। जब भी पुलिस बड़ा एक्शन लेती है तो सबसे पहले पुलिस जवान व अफसरों पर उंगली उठाई जाती है, लेकिन अब सड़क सुरक्षा निधि से आधुनिक उपकरण खरीदकर पुलिस अपडेट हो गई है। अभी तक बॉडी वार्न कैमरा व शोल्डर ब्लिंकर लाइट से लैस भोपाल व इंदौर की पुलिस ही थी।
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा सड़क सुरक्षा निधि के अंतर्गत ग्वालियर जिले को दिए गए बजट से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देश पर अति पुलिस अधीक्षक यातायात अनु बेनीवाल के मार्गदर्शन में ट्रैफिक पुलिस को अपडेट करने और भोपाल-इंदौर की तरह आधुनिक उपकरण से लैस करने के लिए कई उपकरण मंगाए गए हैं। सड़क सुरक्षा निधि के तहत खरीदे गए उपकरणों का अवलोकन एवं वितरण सोमवार शाम पुलिस कंट्रोल रूम ग्वालियर परिसर में किया गया। इस मौके पर एसएसपी ग्वालियर, एएसपी ट्रैफिक, एएसपी देहात जयराज कुबेर, डीएसपी यातायात ग्वालियर अजीत सिंह चौहान, यातायात थाना प्रभारी कम्पू निरीक्षक डॉ केपीएस तोमर, यातायात थाना प्रभारी झांसी रोड निरीक्षक धनंजय शर्मा, यातायात थाना प्रभारी गोला का मंदिर सूबेदार अभिषेक रघुवंशी तथा यातायात के अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इन उपकरणों से लैस नजर आएगी पुलिस यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रिफ्लेक्टर जैकेट्स, बॉडी वॉर्न कैमरा, लाइट बेटन, रिकॉर्डिंग पीए सिस्टम, शोल्डर ब्लिंकर लाइट सहित अन्य आवश्यक गैजेट्स खरीदे गए हैं। इन उपकरणों के उपयोग से ड्यूटी के दौरान यातायात कर्मियों की सुरक्षा में वृद्धि होगी तथा यातायात नियमों के पालन करने में पारदर्शिता एवं दक्षता आएगी। आधुनिक उपकरण से लैस होकर होली की ड्यूटी पर निकले जवान होली को दृष्टिगत रखते हुए सोमवार शाम को यातायात पुलिस कर्मियों को शोल्डर ब्लिंकर लाइट वितरित की गईं, शोल्डर ब्लिंकर लाइट चार्जेबल है और इसमें टॉर्च सुविधा भी है। यातायात पुलिसकर्मी व्हीआईपी ड्यूटी, यातायात व्यवस्था, हाइवे ड्यूटी के दौरान सोल्डर ब्लिंकर लाइट को लगाने से आमजन में सुरक्षा की भावना में वृद्धि होगी। सोमवार शाम को ही इन आधुनिक उपकरण से लैस होकर जवान व अफसर होली की ड्यूटी करने निकल पड़े। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा ग्वालियर पुलिस रात में चेकिंग करती है तो उनकी भी सुरक्षा जरुरी है। यही कारण है कि सड़क सुरक्षा निधि से आधुनिक उपकरण मंगाए हैं। जिनमें बॉडी वार्न कैमरा, शोल्डर ब्लिंकर लाइट्स खास हैं। यह चेकिंग के दौरान पारदर्शिता बरतने में भी मदद करेंगे।


