होली पर उपद्रवी और हुड़दंगी जाएंगे जेल:बिलासपुर आईजी ने सभी एसपी को दिए निर्देश, कहा- बदमाशों की धरपकड़ कर सख्त कार्रवाई करें

होली पर उपद्रवी और हुड़दंगी जाएंगे जेल:बिलासपुर आईजी ने सभी एसपी को दिए निर्देश, कहा- बदमाशों की धरपकड़ कर सख्त कार्रवाई करें

बिलासपुर में आईजी रामगोपाल गर्ग ने होली के मद्देनजर सभी जिलों के एसपी की बैठक ली। उन्होंने पुलिस व्यवस्था और बंदोबस्त की समीक्षा करते हुए उपद्रव मचाने वाले बदमाशों की धरपकड़ करने के निर्देश दिए। होली पर्व शांति पूर्ण तरीके से मनाने के लिए उन्होंने लगातार सघन जांच करने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आईजी गर्ग ने पुलिस अधीक्षकों को जिला और थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक लेकर, होली सौहार्दपूर्ण मनाने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों से चर्चा कर, गाइडलाइन का निर्धारण करने कहा। रात में शराब पीकर हुड़दंग करने वाले और असमाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। पाइंट बनाकर पेट्रोलिंग करने के निर्देश
आईजी ने निर्देश दिए हैं कि होलिका दहन की शाम से लेकर अगले दिन होली खत्म होने तक पुलिस लगातार पेट्रोलिंग करे। जगह-जगह चेकिंग पॉइंट और पिकेट लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि इस दौरान गुंडे-बदमाशों की खास जांच की जाए। अवैध शराब बेचने वालों और नशा करके शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। होली पर कोई भी अप्रिय घटना न हो, इसके लिए पुलिस को पूरी तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं। आईजी की अपील उल्लास और उमंग के साथ मनाए होली
आईजी ने लोगों से अपील की है कि होली खुशी और उत्साह के साथ मनाएं, लेकिन हुड़दंग न करें। नशा करके गाड़ी न चलाएं, बाइक पर तीन-चार लोग बैठकर न घूमें और चिल्लाकर गाली-गलौज न करें। ऐसे असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अपनी होली मनाएं, लेकिन दूसरों के त्योहार में बाधा न डालें। होली को लेकर रेंज पुलिस ने हुड़दंगियों को चेतावनी देने के लिए मीम मैसेज भी जारी किए हैं। साथ ही सभी जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि पुलिस पूरी तरह सतर्क रहे और किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई करे। बिलासपुर में पुलिस सख्त, रात में घूमने वालों की खैर नहीं एसएसपी रजनेश सिंह ने सभी पुलिस अफसरों और थाना प्रभारियों को रात में विशेष निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत शहर के साथ ही ग्रामीण इलाकों में भी पुलिस को लगातार पेट्रोलिंग करने और बदमाशों की धरकपड़ करने कहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस की टीम होली से पहले ही अलर्ट है। निगरानी और गुंडा-बदमाशों को थाने बुलाकर सख्त चेतावनी दी गई है। इसके अलावा रात में शराब पीकर वाहन चलाने वालों की सघन जांच की जा रही है। होली से पहले ही ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *