जालौन जनपद के कालपी क्षेत्र से गुजर रही यमुना नदी में सोमवार को एक विवाहित महिला का शव उतराता हुआ मिला। राहगीरों ने शव देखकर डायल 112 और कालपी कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय नाविकों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्राथमिक जांच में महिला की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है और वह विवाहित प्रतीत हो रही है। हालांकि, अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों का पता चल सके। कालपी कोतवाली पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कर रही है। महिला की पहचान के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच हर पहलू से कर रही है।


