भिवानी में होली व दुल्हंडी (फाग) को लेकर पुलिस ने नाकाबंदी की है। वहीं भिवानी एसपी सुमित कुमार के निर्देशन में जिला पुलिस भिवानी ने होली व फाग के त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा प्रबंध किए हैं। एसपी के निर्देशानुसार जिले में 32 संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों को चिह्नित कर वहां विशेष पुलिस नाके लगाए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके और कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके। होलिका दहन के कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई है। सभी प्रबंधक थाना एवं चौकी प्रभारियों को सार्वजनिक स्थानों, धर्मशालाओं, बाजारों और अन्य भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार गश्त व पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित क्षेत्रों के पर्यवेक्षण अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखेंगे। यातायात व्यवस्था बनाने के निर्देश
प्रबंधक थाना यातायात को निर्देश दिए कि शहर के मुख्य बाजारों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, चौक-चौराहों व ट्रैफिक प्वाइंटों पर यातायात पुलिस कर्मचारियों की तैनाती कर यातायात को सुचारू रूप से संचालित किया जाए, ताकि त्योहार के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दुर्गा शक्ति टीम व महिला पीसीआर को भी बाजारों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष रूप से तैनात किया गया है। जो महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखेंगी। तेज आवाज में साइलेंसर बजाने व हुड़दंगबाजों पर रहेगी नजर
त्योहार के दौरान तेज आवाज में साइलेंसर बजाने, हुड़दंग करने तथा बुलेट मोटरसाइकिलों से पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और ऐसे लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सीआईए स्टाफ प्रथम, सीआईए स्टाफ द्वितीय, डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू व स्पेशल स्टाफ ईशरवाल को भी अपने-अपने क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों, हुड़दंग करने वाले व्यक्तियों तथा तेज आवाज करने वाले वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। भिवानी एसपी सुमित कुमार ने जिले के सभी नागरिकों को होली व फाग के त्यौहार की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि सभी लोग आपसी भाईचारे और शांति के साथ त्यौहार मनाएं। किसी भी आपात स्थिति या सहायता के लिए आमजन डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दे सकते हैं। त्योहार के दौरान हुड़दंग या कानून व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस द्वारा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


