भिवानी जिले में लोहारू के पुराना शहर स्थित मसानी माता मंदिर में भक्त प्रहलाद को विधिवत रूप से विराजमान किया गया है। इसके साथ ही होली पर्व के पूजन की शुरुआत हो गई है। यह परंपरा हर वर्ष निभाई जाती है। बता दे कि मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। महिलाओं और बच्चों ने कतारों में लगकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पूरे मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। मंदिर प्रबंधन समिति के संरक्षक बजरंग लाल शर्मा ने बताया कि होलिका दहन 2 फरवरी की रात 1:30 बजे शुभ मुहूर्त में किया जाएगा। कई लोग रहे मौजूद उन्होंने कहा कि होली का पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है और प्रहलाद भगत की भक्ति धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। इस अवसर पर प्रधान रामकिशन टिके वाला, कोषाध्यक्ष कैलाश शर्मा, प्रभात, उमेद लोहरा, जगदीश लोहरा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। होली गीतों के साथ वातावरण हुआ आनंदमय श्रद्धालुओं के उत्साह को देखते हुए मंदिर परिसर में डीजे की भी व्यवस्था की गई, जिससे भक्तिमय भजनों और होली गीतों के साथ वातावरण और भी आनंदमय हो गया। शर्मा ने बताया कि इन दिनों मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। महिलाएं और बच्चे विशेष रूप से पूजा में भाग ले रहे हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। मंदिर में होली के अवसर पर विशेष सजावट की गई मसानी माता मंदिर में होली के अवसर पर विशेष सजावट की गई है। रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजे मंदिर में भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है। स्थानीय श्रद्धालुओं का कहना है कि वर्षों से चली आ रही इस परंपरा का विशेष महत्व है और क्षेत्रवासी हर साल पूरे श्रद्धाभाव के साथ इसमें भाग लेते हैं। होली पर्व को लेकर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है और श्रद्धालु होलिका दहन के शुभ मुहूर्त का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।


