डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना इलाके में दामड़ी गर्ल्स हॉस्टल के पास 2 बाइक में टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार 1 युवक की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया और मामले की जांच शुरू की। दोवड़ा थाने के एएसआई गजेंद्र सिंह ने बताया कि गणेशपुर निवासी दिनेश मनात ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार उनका 24 वर्षीय भाई मनोज मनात अपनी बाइक से नौकना से गणेशपुर स्थित अपने घर लौट रहा था।
दामड़ी बालिका छात्रावास के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने मनोज की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनोज सड़क पर गिर गया और उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद घायल मनोज को 108 एम्बुलेंस की मदद से डूंगरपुर के जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


