विदिशा में आगामी त्योहार होली, ईद और रामनवमी को ध्यान में रखते हुए विदिशा पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च और बाइक रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आमजन में सुरक्षा का भरोसा पैदा करना था। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा मार्च फ्लैग मार्च में 150 पुलिसकर्मी शामिल रहे। मार्च थाना कोतवाली से शुरू होकर तिलक चौक, बड़ा बाजार, तोपपुरा, रामलीला चौराहा, मुखर्जी नगर, विवेकानंद चौराहा, नया अस्पताल तिराहा, बस स्टैंड, सब्जी मंडी, नीमताल तिराहा, एटीएम तिराहा, सिंह वाहिनी मंदिर, क्रांति चौक, पुरनपुरा तिराहा, दुर्गा नगर, अहमदपुर तिराहा, पीतल मिल, खरी फटक ओवर ब्रिज और माधवगंज तिराहा सहित शहर के प्रमुख एवं संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। देर रात यह मार्च वापस कोतवाली पर समाप्त हुआ। एसपी रोहित काशवानी हेलमेट पहनकर बुलेट चलाते हुए मार्च का नेतृत्व करते नजर आए। पुलिस अधिकारियों और बल की रही मौजूदगी फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी आनंद राज, सिविल लाइन थाना प्रभारी आर.के. मिश्रा, महिला थाना प्रभारी उर्मिला यादव, अजाक थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी और यातायात प्रभारी आशीष राय सहित जिले के विभिन्न थानों का पुलिस बल और पुलिस लाइन स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। अफवाह फैलाने, माहौल बिगाड़ने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। कंट्रोल रूम से 24×7 मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रवेश मार्गों पर सघन चेकिंग की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है ताकि अफवाहों को समय रहते रोका जा सके। एसपी काशवानी ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार आपसी सद्भाव और शांति के साथ मनाएं, किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस की इस सक्रियता से साफ संकेत है कि शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


