धौलपुर में होली पर्व से पहले मिलावटखोरी रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन अभियान शुरू किया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण टी. शुभमंगला के निर्देश पर विभिन्न प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण कर नमूने लिए गए। सीएमएचओ डॉ. धर्मसिंह मीणा द्वारा गठित खाद्य सुरक्षा टीम ने शहर के प्रमुख मावा व मिठाई विक्रेताओं की जांच की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम सिंह परमार ने बताया कि पुराना बस स्टैंड स्थित बद्रीप्रसाद दिनेश चंद्र मावा भंडार से मावा का नमूना लिया गया। इसी कड़ी में रस रोड स्थित दीपक मावा भंडार से मावा और स्किम्ड मिल्क पाउडर के नमूने लिए गए। धर्मपुरा स्थित कृष्ण फूड प्रोडक्ट्स से भी मावा का सैंपल लेकर सील किया गया।
सभी नमूनों को विधिवत सील कर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट में मिलावट पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


