मुरैना. जयपुर से ग्वालियर जा रही सवारियों को वीडियो कोच स्टाफ ने बैठाया और फिर मुरैना में उतार दिया, जब सवारियों ने कहा कि हमको ग्वालियर बस में बैठाओ या फिर हमारे पैसे वापस करो, इस बात को लेकर बस स्टाफ ने सवारियों की मारपीट की। मारपीट के शिकार सवारियों ने पुलिस को बुलाया और सिविल लाइन थाने भी गए लेकिन पुलिस ने आवेदन लेकर चलता कर दिया, उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
जानकारी के अनुसार छोटू बंजारा निवासी नगर पुरा ग्वालियर जयपुर में अपने परिवार के साथ रहकर दोस्तों के साथ टाइल्स लगाने का काम करता है। शनिवार की रात को जयपुर से वीडियो कोच में ग्वालियर के लिए बैठा। छोटू के साथ उसके परिवार की महिलाएं, बच्चे और साथी भी थे। प्रत्येक सवारी से 550 रुपए किराया ग्वालियर तक का लिया था। वीडियो कोच स्टाफ ने मुरैना में अंबाह बाईपास के लिए बस मोड़ दी। ग्वालियर जाने वाली सवारियों को रविवार की सुबह करीब 11: 20 बजे बाईपास पर पत्थर फड़ के पास उतार दिया। जब छोटू बंजारा ने कहा कि हमको ग्वालियर जाना हैं, मुरैना क्यों उतार दिया, ग्वालियर वाली बस में बैठा दो या फिर पैसे वापस कर दो, इसी बात पर वीडियो कोच के स्टाफ ने छोटू बंजारा, उसके साथी रामप्रसाद, रवि, धर्मेन्द्र की मारपीट की, महिलाओं ने बीच बचाव किया तो उनको भी धक्का मुक्की कर दी और जान से मारने की धमकी दी। पीडि़त पक्ष ने 112 डायल पुलिस वाहन को फोन किया तो पुलिस मौके पर पहुंची और पीडि़त पक्ष को गाड़ी में बैठाया और रिपोर्ट लिखाने की कहकर सिविल लाइन थाने ले जाया गया लेकिन वहां पुलिस ने आवेदन लेकर टरका दिया, एफआईआर दर्ज नहीं की। पीडि़त पक्ष का कहना हैं कि पुलिस ने हमारी रिपोर्ट नहीं लिखी है, आई जी से ग्वालियर में शिकायत करेंगे।
शराब पीए था बस स्टाफ
छोटू बंजारा ने बताया कि बस स्टाफ शराब के नशे में था, रास्ते में बस को तेजी व लापरवाही से चलाकर डिवाइडर पर चढ़ा दिया जिससे बस के इंजन का पाइप फट गया और रात भर बस खड़ी रही, सुबह पाइप चेंज हुआ तब बस वहां से चली।


